आगरा: ताजमहल में भाजपा नेता ने लगाया ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का नारा, पुलिस के सामने बोले- गलती हो गई
आगरा स्थित ताजमहल परिसर में राजनीतिक और धार्मिक नारेबाजी का मामला सामने आया है। विश्व धरोहर सप्ताह के पहले दिन गुरुवार को भाजपा ब्रज क्षेत्र पिछड़ा मोर्चा के सोशल मीडिया प्रभारी राजेश राठौर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। करीब 34 सेकंड के इस वीडियो में वह ताजमहल को ‘तेजो महल’ बताते हुए ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का चुनावी नारा लगाते नजर आ रहे हैं। वीडियो के अंत में उन्होंने जय श्रीराम का उद्घोष भी किया।
वीडियो में राजेश राठौर उत्तर प्रदेश के लोगों, युवाओं और मतदाताओं को संबोधित करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने यह वीडियो अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा किया था, लेकिन पुलिस की सक्रियता के बाद इसे हटा दिया। वीडियो सामने आने के बाद ताजमहल जैसे संरक्षित स्मारक परिसर में राजनीतिक प्रचार और नारेबाजी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
मामले पर राजेश राठौर ने सफाई देते हुए कहा कि उनसे गलती हो गई और उन्हें परिसर में इस तरह की गतिविधियों की अनुमति नहीं होने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में ताज सुरक्षा पुलिस को भी अपनी बात बता दी है।
एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि मामले में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि ताजमहल परिसर में राजनीतिक प्रचार और नारेबाजी पर प्रतिबंध है। ऐसे में वायरल वीडियो के बाद संबंधित एजेंसियों की भूमिका और कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)