हरिद्वार: IB के SP सीपी नौटियाल पर अस्थायी चालक ने चलाई गोली, आरोपी गिरफ्तार; अधिकारी की हालत खतरे से बाहर
उत्तराखंड के हरिद्वार में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही अस्थायी चालक ने गोली चला दी। घटना शनिवार दोपहर कनखल स्थित IB कार्यालय में हुई। गोली नौटियाल के माथे के पास से छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें पहले हरिद्वार के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए AIIMS ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, उनकी हालत खतरे से बाहर है और उपचार जारी है।
पुलिस ने आरोपी चालक विनोद नेगी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद किया गया है। हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के मुताबिक, आरोपी अस्थायी रूप से चालक के पद पर तैनात था और उससे पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी में अधिकारी और चालक के बीच विवाद की बात सामने आई है, हालांकि गोली चलाने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)