मुंबई: कोस्टल रोड टनल में छह वाहनों की टक्कर, एक कार में लगी आग; सभी वाहन क्षतिग्रस्त, कोई घायल नहीं
मुंबई के मरीन ड्राइव इलाके में शुक्रवार तड़के कोस्टल रोड टनल के उत्तर दिशा वाले मार्ग पर छह वाहनों के बीच टक्कर हो गई। हादसे में सभी वाहन क्षतिग्रस्त हुए, लेकिन किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। टक्कर के बाद एक कार में आग भी लग गई, जिसे दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर बुझाया।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना शुक्रवार सुबह करीब 2:33 बजे मरीन ड्राइव ट्रैफिक डिवीजन की सीमा में हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक कार सुरंग की रेलिंग से टकराकर रुक गई थी। इसके बाद पीछे से आ रहे पांच अन्य वाहन उससे टकरा गए। हादसे के दौरान एक वाहन के बोनट से धुआं निकलने लगा और आग लगने की सूचना पर दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभाला।
दुर्घटना के बाद एहतियातन कोस्टल रोड के उत्तर दिशा वाले मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया गया। पुलिस और संबंधित विभागों की टीमों ने टोइंग वैन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सुरंग से बाहर निकलवाया। इसके बाद यातायात दोबारा बहाल कर दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
वहीं, मुंबई के मालवणी इलाके में इससे पहले पटाखों की दुकान में आग लगने और स्लैब गिरने की घटना में 16 वर्षीय किशोर शहनवाज नियाज खान की मौत हो गई थी। यह हादसा 9 नवंबर की रात हुआ था। आग की सूचना के बाद दमकल विभाग ने अभियान चलाया और आग बुझने के बाद किशोर का शव दुकान के अंदर मिला। बताया गया कि पटाखों में विस्फोट के कारण दुकान का स्लैब गिर गया था। घटना की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)