महाराष्ट्र: पुणे के टिम्बर मार्केट में भीषण आग से 50 से 60 दुकानें प्रभावित, 27 दमकल गाड़ियों ने दो घंटे में पाया काबू
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे स्थित टिम्बर मार्केट में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से 50 से 60 दुकानें प्रभावित हुईं। आग लकड़ी और लकड़ी से बने सामान की दुकानों तक फैल गई, जिससे बड़े पैमाने पर संपत्ति का नुकसान हुआ। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
अधिकारियों के मुताबिक, आग बुधवार सुबह करीब 2:05 बजे जय वल्लभ स्कूल के पास स्थित टिम्बर मार्केट में लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए कुल 27 दमकल गाड़ियां और करीब 150 दमकलकर्मी तैनात किए गए। इनमें पुणे फायर ब्रिगेड के अलावा पुणे छावनी और पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण की दमकल गाड़ियां भी शामिल थीं।
आग को आसपास की रिहायशी कॉलोनी तक फैलने से रोकने के लिए दमकलकर्मियों ने चारों तरफ से मोर्चा संभाला। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया। इसके बाद दोबारा आग भड़कने की आशंका को देखते हुए कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया।
आग से 50 से 60 दुकानों को नुकसान पहुंचने का शुरुआती अनुमान है। हालांकि, कुल आर्थिक नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है। आग लगने के कारणों का भी फिलहाल पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)