कुलगाम में लश्कर कमांडर लतीफ भट मारा गया, मस्जिद में छिपा था आतंकी; सुरक्षाबलों ने वीडियो कॉल कर दिया था सरेंडर का मौका
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के वांछित कमांडर लतीफ भट को मार गिराया। वह एक मस्जिद के भीतर छिपा हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने कार्रवाई से पहले उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार समझाया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उससे वीडियो कॉल पर भी बातचीत की, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया।
कुलगाम के एसएसपी अनायत अली ने बताया कि लतीफ भट से व्यक्तिगत रूप से वीडियो कॉल पर काफी देर तक बातचीत की गई। उसे समझाया गया कि उसकी जिंदगी अभी बाकी है और वह हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण कर सकता है। सुरक्षाबलों की ओर से मस्जिद के बाहर भी लगातार अपील की गई, लेकिन वह नहीं माना। अधिकारियों के अनुसार, बुधवार तड़के करीब 2:45 बजे मस्जिद के भीतर से गोलीबारी शुरू होने के बाद मुठभेड़ तेज हो गई।
इस घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सुरक्षाबलों के अधिकारी लतीफ भट से आत्मसमर्पण करने की अपील करते सुनाई दे रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि धार्मिक स्थल को नुकसान से बचाने के लिए पूरी कार्रवाई के दौरान अधिकतम संयम बरता गया।
लतीफ भट पर 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में सीआरपीएफ चेकपोस्ट पर हुए हमले में शामिल होने का संदेह था। इस हमले में तीन सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे। उसका सहयोगी उमर निसार डार सोमवार को कुलगाम में हुई एक अन्य मुठभेड़ में मारा गया था, जबकि लतीफ भट उस दौरान बच निकलने में कामयाब रहा था। इसके बाद से सुरक्षाबल उसकी तलाश कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आतंकियों की गतिविधियों और हमले से पहले की गई कथित रेकी से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए थे। लतीफ भट की मौत के साथ कुलगाम में चल रहा तलाशी अभियान एक अहम नतीजे पर पहुंचा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)