अक्षय नवमी पर मथुरा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, शहर के प्रमुख मार्गों पर लगा भीषण जाम; घंटों फंसे रहे लोग
मथुरा। अक्षय नवमी के अवसर पर बुधवार को धर्मनगरी मथुरा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिक्रमा लगाने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। सुबह से ही प्रमुख मार्गों और चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालात ऐसे रहे कि स्थानीय लोगों से लेकर बाहर से आए यात्रियों तक को घंटों जाम में फंसकर परेशानी उठानी पड़ी।
मछली फाटक से टैंक चौराहा, सदर चौराहा, बीएसए रोड, सौंख रोड होते हुए भूतेश्वर चौराहे तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। वहीं आर्य समाज रोड से पुराने बस अड्डे तक जाम की स्थिति अधिक गंभीर रही। मसानी चौराहा, डीग गेट, होलीगेट, भरतपुर गेट और कृष्णानगर की ओर जाने वाले रास्तों पर भी वाहन रेंगते नजर आए।
जाम में एंबुलेंस, स्कूली वाहन और कार्यालय जाने वाले लोग भी फंसे रहे। कई स्थानों पर लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पैदल चलना पड़ा। बाजारों में भी जाम का असर देखने को मिला, जिससे दुकानदारों और खरीदारी के लिए निकले लोगों को परेशानी हुई।
यातायात पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर जाम खुलवाने में जुटे रहे, लेकिन श्रद्धालुओं और वाहनों की भारी संख्या के चलते दोपहर तक कई मार्गों पर यातायात सामान्य नहीं हो सका। स्थानीय लोगों ने प्रमुख धार्मिक पर्वों पर पहले से प्रभावी यातायात योजना, वैकल्पिक मार्गों और बेहतर डायवर्जन व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)