फतेहपुर में पत्रकारों पर अभद्र टिप्पणी के मामले में कार्रवाई की मांग, संगठनों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
फतेहपुर। पत्रकारों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पुलिस कार्रवाई में देरी को लेकर विभिन्न पत्रकार संगठनों ने नाराजगी जताई है। मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन, साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन और भारतीय पत्रकार जन समिति के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपी के खिलाफ तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की मांग की। संगठनों ने पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने की अपील की।
मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजेश त्रिवेदी और जिला अध्यक्ष रवि कश्यप के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। इस दौरान भारतीय पत्रकार जन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश सहगल और प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र अवस्थी ने भी कार्रवाई की मांग उठाई। साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनके सम्मान तथा सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी और धमकी के मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की आवश्यकता बताई।
साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शहंशाह अब्दी ने कहा कि पत्रकारों के साथ अभद्रता और अपमानजनक व्यवहार की घटनाओं को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। उनका कहना था कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी कार्रवाई में देरी से पत्रकारों में असंतोष पैदा होता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।
प्रार्थना पत्र में बताया गया कि पत्रकारों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में संदीप पटेल के विरुद्ध 27 अक्टूबर 2026 को थाना कोतवाली फतेहपुर में मुकदमा अपराध संख्या 0524 विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया था। पत्रकार संगठनों का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
इस मौके पर मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष निहाल सिंह जेम्स, सचिव मोहम्मद रशीद, मंडल अध्यक्ष खलीक अहमद जाफरी, कृष्ण प्रताप सिंह, वसीम शाह राजू, राहुल सिंह और त्रिवेणी मिश्र सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)