छत्तीसगढ़ राज्योत्सव: 36 राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने जारी की सूची; पत्रकारिता, साहित्य, खेल और कला क्षेत्र की प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस और राज्योत्सव 2026 के अवसर पर दिए जाने वाले राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रविवार को रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं और संस्थाओं की सूची जारी की। इस वर्ष कुल 36 राज्य अलंकरण पुरस्कारों के लिए नामों की घोषणा की गई है। इनमें सामाजिक सेवा, आदिवासी उत्थान, महिला सशक्तीकरण, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, चिकित्सा, कृषि, लोककला और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को शामिल किया गया है।
जारी सूची के अनुसार, आदिवासी सामाजिक चेतना एवं उत्थान के लिए शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान धमतरी के डुमन लाल ध्रुव को दिया जाएगा। अहिंसा एवं गौरक्षा के क्षेत्र में यति यतनलाल सम्मान विश्व गीता धेनु गोविन्द पक्षी सेवा धाम, कुम्हारी को मिलेगा। खेल के क्षेत्र में गुण्डाधुर सम्मान कोरबा की संजू देवी और महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान बालोद के टोमन कुमार को प्रदान किया जाएगा। महिला उत्थान एवं जनजागृति के लिए मिनीमाता सम्मान गरियाबंद की लोक आस्था सेवा संस्थान को दिया जाएगा। सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान के लिए गुरु घासीदास सम्मान कबीरधाम के सुखचंद भास्कर को मिलेगा।
सहकारिता के क्षेत्र में ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार बस्तर की प्राथमिक कुडुक मछुवा सहकारी समिति को दिया जाएगा। सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक क्षेत्र में योगदान के लिए पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान, बिलासपुर को मिलेगा। सामाजिक समरसता के लिए महाराजा अग्रसेन सम्मान रायगढ़ के बाबूलाल अग्रवाल को प्रदान किया जाएगा। कृषि के क्षेत्र में डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार कबीरधाम के पुन्नीदास भट्ट को चुना गया है।
साहित्य और कला के क्षेत्र में हबीब तनवीर सम्मान डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर, पंडित सुंदरलाल शर्मा सम्मान डॉ. बिहारीलाल साहू, चक्रधर सम्मान डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति, दाऊ मंदराजी सम्मान रेखा जलक्षत्री और लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार दुर्गा प्रसाद पारकर को दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ी लोकगीत के लिए लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान साधना यादव, पंथी नृत्य के लिए देवदास बंजारे स्मृति पुरस्कार सी.एल. रात्रे और छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के लिए खुमान साव सम्मान चंद्रभूषण वर्मा को मिलेगा।
पत्रकारिता के क्षेत्र में हिंदी प्रिंट मीडिया के लिए चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार प्रमोद कुमार साहू को दिया जाएगा। हिंदी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए यही सम्मान वरुण सखाजी और रसिका पाण्डेय को संयुक्त रूप से प्रदान किया जाएगा। अंग्रेजी प्रिंट मीडिया में योगदान के लिए मधुकर खेर पत्रकारिता पुरस्कार शिशिर राय चौधरी को मिलेगा। वहीं, रचनात्मक लेखन और हिंदी भाषा के क्षेत्र में पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय को दिया जाएगा।
चिकित्सा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में धन्वंतरि पुरस्कार डॉ. दिनेश कुमार नाग, मत्स्य पालन के लिए श्रीमती बिलासादेवी केवट मत्स्य विकास पुरस्कार प्रदीप कुमार सोनी और अपराध अनुसंधान के लिए पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव को प्रदान किया जाएगा। श्रम के क्षेत्र में स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड की कुकुरडीह इकाई को दिया जाएगा।
सिनेमा के क्षेत्र में किशोर साहू सम्मान सैयद ताहिर अली (करन खान) और किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण मोहन सुंदरानी को प्रदान किया जाएगा। संस्कृत भाषा के लिए राजश्री पुरुषोत्तमदास जी महाराज सम्मान डॉ. बहुरन सिंह पटेल को चुना गया है। आदिवासी सेवा एवं आर्थिक उत्थान के लिए डॉ. भंवरसिंह पोर्ते सम्मान सत्य साई संजीवनी अस्पताल को दिया जाएगा। महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष और नारी उत्थान के लिए माता बहादुर कलारिन सम्मान बुलबुल वैद्या को मिलेगा। विधि के क्षेत्र में बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान कौस्तुभ शुक्ला और हेमंत कुमार मिश्र को संयुक्त रूप से प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान दीपाली सरावगी, संत रविदास सम्मान जगदीश प्रसाद देवांगन और मुख्यमंत्री राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार सत्येंद्र कुमार उपाध्याय को दिया जाएगा। राज्य अलंकरण के माध्यम से व्यक्तिगत प्रतिभाओं के साथ सामाजिक संस्थाओं और संगठनों के योगदान को भी मान्यता दी गई है।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव के विशेष समारोह में चयनित विभूतियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। इन पुरस्कारों के जरिए राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश की संस्कृति, परंपरा, सामाजिक विकास और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन देना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)