तरेगांव डकैती का 48 घंटे में खुलासा, 11.9 किलो चांदी के जेवर के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में सराफा कारोबारी से हुई डकैती का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। मामले में तीन आरोपियों निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर करीब 11.9 किलो चांदी के जेवरात, वारदात में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और 1,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, वारदात 27 अक्टूबर 2026 की शाम की है। पांडातराई निवासी सराफा कारोबारी वेदप्रकाश सोनी अपने साथी के साथ मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया और कथित तौर पर डंडे से मारपीट कर उनके पास मौजूद जेवरात लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर तरेगांव जंगल थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके अलावा 24 गांवों में 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले निखिल कुर्रे को पकड़ा। पूछताछ के बाद संजय भास्कर और सचिन पात्रे को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात से पहले कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रखी थी। लूट के बाद जेवरात आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिए गए थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब फरार दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)