कादीपुर में 23 से 25 नवंबर तक होगा बाबा सत्यनाथ महोत्सव, देव दीपावली पर सजेगा दीपोत्सव; तीन दिन धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

श्याम चंद्र श्रीवास्तव

Wednesday, November 18, 2026 - 22:01
Updated: 2 hours ago
0
कादीपुर में 23 से 25 नवंबर तक होगा बाबा सत्यनाथ महोत्सव, देव दीपावली पर सजेगा दीपोत्सव; तीन दिन धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

कादीपुर, सुल्तानपुर। अघोरपीठ बाबा सत्यनाथ मठ, अल्देमऊ नूरपुर में 23 से 25 नवंबर तक तीन दिवसीय बाबा सत्यनाथ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के अंतर्गत देव दीपावली दीपोत्सव, धार्मिक अनुष्ठान, राष्ट्रीय परिचर्चाएं, संतों के प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर मठ परिसर में बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

मठ के पीठाधीश्वर ने बताया कि आदि गंगा गोमती के पावन तट पर आयोजित होने वाले इस महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। तीन दिनों तक धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों की श्रृंखला चलेगी। आयोजन में प्रतिदिन राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सामूहिक गायन भी किया जाएगा।

23 नवंबर को होगा महोत्सव का शुभारंभ

महोत्सव के पहले दिन सुबह श्रृंगार, पूजन-अर्चन, हवन और भजन के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद विराट भोग यात्रा और महिला समूहों द्वारा लोक परंपरा के देवी गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। राष्ट्रीय परिचर्चा में 'अवधी साहित्य में सामाजिक समरसता' विषय पर देश के विद्वान विचार रखेंगे। वहीं, 'भगवान शंकर : विभिन्न संस्कृतियों के पोषक एवं संरक्षक' विषय पर भी चर्चा होगी। शाम को बाबा सत्यनाथ महाराज की महाआरती और स्थानीय व क्षेत्रीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

24 नवंबर को देव दीपावली पर होगा भव्य दीपोत्सव

दूसरे दिन सुबह धार्मिक अनुष्ठान, पूजन, हवन और भजन आयोजित होंगे। राष्ट्रीय परिचर्चा का विषय 'उत्तर प्रदेश की संत परंपरा का राष्ट्रीय चेतना में योगदान' रहेगा। इसके अलावा 'दलित चेतना के धार्मिक प्रतिनिधि : काका हाथरसी' विषय पर परिचर्चा होगी। राष्ट्रीय संतों के धार्मिक उद्बोधन और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ जनहितकारी सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। देव दीपावली के अवसर पर मठ परिसर में भव्य दीपोत्सव और बाबा सत्यनाथ महाराज की महाआरती होगी। शाम को निर्गुण सम्राट मदन राय, लोकगायक राजन तिवारी सहित अन्य कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।

25 नवंबर को होगा महोत्सव का समापन

तीसरे और अंतिम दिन महिला समूहों द्वारा उपशास्त्रीय संगीत और पारंपरिक देवी गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। राष्ट्रीय संगोष्ठी के समापन सत्र में 'नाथ पंथ (अघोर परंपरा) में राष्ट्रीय एकता के सूत्र' विषय पर विचार-विमर्श होगा। इसके साथ 'शिव विवाह का अंतर्निहित सामाजिक संदेश' विषय पर परिचर्चा और संतों के धार्मिक उद्बोधन आयोजित होंगे। शाम को बाबा सत्यनाथ महाराज की महाआरती, समापन समारोह और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली विभूतियों का सम्मान किया जाएगा। भजन गायक पुनीत कृष्ण जेटली पागल बाबा (काशी) सहित अन्य कलाकार भक्ति संगीत की प्रस्तुति देंगे।

महोत्सव में देश के विभिन्न धार्मिक पीठों और संस्थानों से संत-महात्माओं के शामिल होने का कार्यक्रम है। इनमें डॉ. देवाचार्य जी महाराज (जगन्नाथपुरी), आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद महाराज (पशुपति अखाड़ा, नेपाल), रामप्रपन्नाचार्य जी मौनी स्वामी (नैनीताल), श्री महंत राधेश्यामपुरी जी महाराज (महाकाल मंदिर, उज्जैन) और डॉ. मदनमोहन मिश्र मानस कोविद (वाराणसी) प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे।

तैयारी बैठक में प्रभु राज सिंह, अजय बहादुर सिंह, बृजेश सिंह बंटी प्रधान नूरपुर, गुड्डू सिंह, देवी प्रसाद सिंह, वेद पाठक, विजय गिरी, प्रभाकर सिंह, ई. आर.पी. सिंह, राकेश यादव, अरविंद सिंह, पंकज सिंह, सुमित सिंह टिंकू, नागेंद्र तिवारी, शिवम दुबे जाली, काजल और पंडित नीरज मिश्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User