आरजी कर मामला: सीबीआई जांच से नाखुश पीड़िता की मां, बोलीं- काम नहीं कर सकते तो हट जाएं
कोलकाता। आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल दुष्कर्म-हत्या मामले की जांच की प्रगति से असंतुष्ट पीड़िता की मां और भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी अब तक जांच में कोई खास प्रगति नहीं कर पाई है। देबनाथ ने कहा कि यदि सीबीआई अपना काम नहीं कर सकती तो उसे जांच से हट जाना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके परिवार ने कभी केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की मांग नहीं की थी।
पनिहाटी से विधायक रत्ना देबनाथ ने पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बावजूद मेडिकल कॉलेजों में भ्रष्टाचार जारी रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार बदलने के बाद भी पुराने लोग व्यवस्था में बने हुए हैं और भ्रष्टाचार में कोई कमी नहीं आई है। उनका दावा है कि उन्हें अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में कथित भ्रष्टाचार से जुड़ी कई फाइलें मिली हैं, जिनकी जांच होनी चाहिए।
देबनाथ ने कहा कि वह इन कथित अनियमितताओं और अपनी बेटी को न्याय दिलाने का मुद्दा मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के सामने उठाएंगी। पीड़िता के माता-पिता पहले भी जांच की गति और दायरे पर असंतोष जता चुके हैं। उनका कहना है कि जिन अन्य लोगों को वे इस अपराध में शामिल मानते हैं, उन्हें अब तक न्याय के दायरे में नहीं लाया गया है।
गौरतलब है कि कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद आरजी कर मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। रत्ना देबनाथ ने अपनी बेटी को न्याय दिलाने के मुद्दे पर भाजपा में शामिल होकर 2026 के विधानसभा चुनाव में पनिहाटी सीट से जीत दर्ज की थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)