पिंडरा से चुनाव लड़ने के दावे पर अजय राय कायम, बोले- विधानसभा नहीं, अपना परिवार मानता हूं; राहुल गांधी का सिपाही हूं
वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने 2027 के विधानसभा चुनाव में पिंडरा सीट से चुनाव लड़ने का अपना दावा दोहराया है। उन्होंने कहा कि पिंडरा को उन्होंने कभी केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं माना, बल्कि अपना परिवार समझा है। वर्ष 1993 से इस क्षेत्र में लगातार काम कर रहे हैं और आगे भी यहां के लोगों से उनका जुड़ाव बना रहेगा।
अजय राय ने कांग्रेस नेतृत्व में हुए बदलाव और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम तथा नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना को लेकर पूछे गए सवालों पर कोई तीखी प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी के फैसले से कोई शिकायत नहीं है और नए नेतृत्व को अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलना चाहिए। गौतम और मोना को लेकर उठे सवालों पर वह टिप्पणी करने से बचते रहे।
राहुल गांधी के साथ अपने संबंधों पर उन्होंने कहा कि वह राहुल गांधी के सिपाही हैं और आखिरी सांस तक उनके साथ खड़े रहेंगे। राय ने राहुल गांधी को ऐसा नेता बताया जो मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में मजबूती से लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में किसी से उनके व्यक्तिगत संबंध खराब नहीं हैं।
पिंडरा सीट को लेकर अजय राय ने साफ कहा कि वह निश्चित रूप से इसी क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने बताया कि 1993 से उनका यहां राजनीतिक और सामाजिक जुड़ाव रहा है। निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत से लेकर उपचुनाव तक उन्होंने इस क्षेत्र में काम किया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले विधानसभा चुनाव में हार के बावजूद पिंडरा में उन्हें समाजवादी पार्टी और अपना दल (कमेरावादी) के गठबंधन से अधिक वोट मिले थे।
यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच संभावित गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे पर चर्चाएं अहम हो रही हैं। अजय राय के पिंडरा से चुनाव लड़ने के दावे को इसी राजनीतिक संदर्भ में देखा जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)