रामलला के दर्शन और आरती का समय बदला, एक नवंबर से लागू हुई नई व्यवस्था
अयोध्या स्थित श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में ऋतु परिवर्तन के चलते एक नवंबर 2026 से रामलला की पूजा, आरती, भोग, विश्राम और दर्शन की नई समय-सारिणी लागू हो गई है। नई व्यवस्था के तहत मंदिर के पट सुबह 4 बजे खुलेंगे, जबकि श्रद्धालुओं के लिए दर्शन सुबह 7 बजे से शुरू होंगे। रात 9:15 बजे दर्शन बंद हो जाएंगे और 9:30 बजे शयन आरती के बाद रात 10 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।
नई समय-सारिणी के अनुसार, सुबह 4:30 बजे मंगला आरती होगी। इसके बाद अभिषेक और श्रृंगार की प्रक्रिया के लिए पट बंद रहेंगे। सुबह 6:30 बजे श्रृंगार आरती होगी और एक घंटे बाद आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू होंगे। सुबह 8 बजे से 8:10 बजे तक बालभोग के लिए दर्शन रोके जाएंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे तक दर्शन जारी रहेंगे। दोपहर 12 बजे राजभोग आरती होगी और 12:30 से 1:30 बजे तक रामलला विश्राम करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:35 बजे से दर्शन दोबारा शुरू होंगे।
शाम 4 बजे से 4:10 बजे तक बालभोग के लिए पट बंद रहेंगे। इसके बाद शाम 6:45 बजे तक दर्शन होंगे। शाम 7 बजे संध्या आरती होगी। रात 8 बजे से 8:30 बजे तक और फिर 9:15 से 9:30 बजे तक पूजा और भोग की प्रक्रिया के लिए पट बंद रहेंगे। इसके बाद 9:30 बजे शयन आरती होगी और रात 10 बजे मंदिर बंद कर दिया जाएगा।
नई व्यवस्था में दोपहर के विश्राम का समय भी बढ़ाया गया है। पहले यह अवधि 30 मिनट थी, जिसे बढ़ाकर अब एक घंटा कर दिया गया है। मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, मौसम में बदलाव और रामलला की दैनिक सेवा परंपराओं को ध्यान में रखते हुए समय-सारिणी में संशोधन किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)