‘जीतने पर चुप, हारने पर सवाल’: इंडिया ब्लॉक की रैली पर एनडीए का हमला, राहुल गांधी पर साधा निशाना

Sunday, November 1, 2026 - 13:47
0
‘जीतने पर चुप, हारने पर सवाल’: इंडिया ब्लॉक की रैली पर एनडीए का हमला, राहुल गांधी पर साधा निशाना

नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को होने वाली इंडिया ब्लॉक की रैली से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने विपक्ष पर निशाना साधा है। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के प्रवक्ता राजीव रंजन ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर चुनावी नतीजों के अनुसार चुनाव आयोग के प्रति अपना रुख बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष चुनाव जीतता है तो चुनाव आयोग पर सवाल नहीं उठाता, लेकिन हार मिलने पर उसी संस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करने लगता है।

राजीव रंजन ने विपक्ष के इस रवैये को दोहरा बताते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाकर विपक्ष देश में अस्थिरता और अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब इंडिया ब्लॉक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठा रहा है।

इंडिया ब्लॉक ने एक नवंबर को रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली आयोजित करने का ऐलान किया है। इसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत गठबंधन के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की तैयारी है। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए गए और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हुई। गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी उठाई है।

वहीं, भाजपा और एनडीए के नेताओं ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए उसकी मंशा पर सवाल उठाए हैं। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी के उन आरोपों को भी चुनौती दी, जिनमें उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर रैली में शामिल होने आ रहे लोगों को रोकने का आरोप लगाया था। पात्रा ने राहुल गांधी से अपने दावों के समर्थन में सबूत पेश करने को कहा।

इस बीच रैली को लेकर दिल्ली के व्यापारियों ने भी चिंता जताई है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर आशंका जताई कि रामलीला मैदान के पांच किलोमीटर के दायरे में करीब 2.5 लाख दुकानें बंद रह सकती हैं और दिवाली के दौरान 10 से 12 हजार करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हो सकता है। राहुल गांधी ने रैली में आने वाले लोगों से दिल्ली के बाजारों में खरीदारी कर स्थानीय व्यापारियों की मदद करने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User