पश्चिम बंगाल में ड्रग तस्करी पर STF की बड़ी कार्रवाई, 2.688 किलो मॉर्फिन के साथ चार गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मालदा जिले के कालियाचक में मधुघाट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर एक वाहन को रोककर 2.688 किलोग्राम प्रतिबंधित मॉर्फिन बरामद की है। इस मामले में अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहिबर अली, मोहम्मद मासुद रहमान, हासिबुर शेख और मोहम्मद नबिउल हक के रूप में हुई है। सभी आरोपी मालदा जिले के कालियाचक क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, STF ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की थी। पुलिस ने मामले में विशेष केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के जरिए तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके पूरे संचालन से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए पश्चिम बंगाल पुलिस और STF के अधिकारियों एवं जवानों की सराहना की। उन्होंने ड्रग तस्करों, गिरोह संचालकों और सिंडिकेट से जुड़े लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखना और 'नशामुक्त भारत अभियान' के संकल्प को मजबूत करना है। इस कार्रवाई को राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क पर अंकुश लगाने के अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)