'चलो दिल्ली' मार्च: राहुल गांधी के नेतृत्व में रामलीला मैदान पहुंचे INDIA गठबंधन के सांसद, 21 विपक्षी दलों के नेता होंगे शामिल

Sunday, November 1, 2026 - 14:07
0
'चलो दिल्ली' मार्च: राहुल गांधी के नेतृत्व में रामलीला मैदान पहुंचे INDIA गठबंधन के सांसद, 21 विपक्षी दलों के नेता होंगे शामिल

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विपक्षी INDIA गठबंधन के सांसद रविवार को दिल्ली में 'चलो दिल्ली' मार्च के लिए रवाना हुए। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसद रामलीला मैदान तक मार्च करेंगे। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस समेत INDIA गठबंधन के करीब 21 राजनीतिक दलों के नेताओं की भागीदारी प्रस्तावित है।

जानकारी के मुताबिक, विपक्षी सांसद सुबह करीब 11 बजे दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में एकत्र हुए। इसके बाद नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास से खुली बसों के जरिए मिंटो रोड और कनॉट प्लेस जंक्शन पहुंचे, जहां से दोपहर 12 बजे पैदल मार्च शुरू होना निर्धारित है। यह मार्च अजमेरी गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगा, जहां गठबंधन की ओर से विशाल जनसभा आयोजित की जा रही है।

इस प्रदर्शन में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, अभिषेक बनर्जी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और तेजस्वी यादव समेत कई प्रमुख विपक्षी नेताओं के शामिल होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी इस रैली का समर्थन किया है। गठबंधन ने इस कार्यक्रम को 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान का नाम दिया है।

विपक्षी दलों का आरोप है कि चुनाव आयोग द्वारा कराए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं और पात्र मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग कर रहा है। गठबंधन का दावा है कि इस महारैली में करीब 10 लाख लोग शामिल हो सकते हैं।

गौरतलब है कि इस महारैली से एक दिन पहले विपक्षी दलों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर मॉक संसद आयोजित कर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रतीकात्मक 'जन महाभियोग' प्रस्ताव भी पारित किया था। वहीं, दिल्ली में प्रस्तावित मार्च और रैली को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 10 हजार जवानों की तैनाती की गई है। रामलीला मैदान और मार्च के मार्ग पर लगभग 250 सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और अन्य निगरानी उपकरणों से नजर रखी जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User