हिमाचल: रसगुल्ले और चमचम में मिले मरे हुए रंगड़, कलाकंद में फंगस; 65 किलो मिठाई नष्ट
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में मिठाइयों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। विभाग की टीम ने शनिवार को नूरपुर, जसूर, रेहन और फतेहपुर में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान रसगुल्ले और चमचम में मरे हुए रंगड़ पाए गए, जबकि कलाकंद समेत कई अन्य मिठाइयों में फंगस मिली।
जांच के दौरान नूरपुर और रेहन में रसगुल्ले तथा चमचम में मृत रंगड़ मिले। इसके अलावा कलाकंद, रसगुल्ला, बेसन, मिल्क केक, पिस्ता और चमचम में फंगस पाए जाने की जानकारी सामने आई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब 65 किलोग्राम मिठाई बिक्री से हटवाकर मौके पर ही नष्ट करवा दी।
अभियान के दौरान टीम ने अलग-अलग खाद्य पदार्थों के 19 नमूने भी एकत्र किए। इनमें बर्फी, पनीर, बेसन, आटा लड्डू, पंजेरी लड्डू, सूखा पेठा, सोन पापड़ी, चमचम, कलाकंद, मिल्क केक, मीठा बूर और नारियल बर्फी सहित अन्य उत्पाद शामिल हैं। सभी नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
विभाग ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों के भंडारण और बिक्री के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला जांच में नमूने मानकों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)