हाथरस में धूमधाम से निकली महर्षि वाल्मीकि शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत
हाथरस। शहर में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। आगरा रोड स्थित मोहल्ला माइयाँन के बाबा छप्पन नाथ मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा का शुभारंभ सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष शरद माहेश्वरी, नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी, सभासद अभिषेक राज और ठेकेदार सत्यवीर सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। शोभायात्रा में दो दर्जन से अधिक आकर्षक धार्मिक झांकियां शामिल रहीं, जिन्हें देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भीड़ जुटी रही। भगवान महर्षि वाल्मीकि के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा के संरक्षक अर्जुन वाल्मीकि और मेला अध्यक्ष अमरदीप कमल ने सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि सहित सभी अतिथियों का पटका पहनाकर, माला और प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद अनूप प्रधान ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण भारतीय संस्कृति और आदर्श जीवन मूल्यों का महत्वपूर्ण आधार है। उनकी शिक्षाएं प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं। महर्षि वाल्मीकि जयंती केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को जीवन में अपनाने का अवसर भी है।

शोभायात्रा बस स्टैंड, सादाबाद गेट, चूना वाला डंडा, चावड़ गेट, नयागंज, जामा मस्जिद, किला गेट, सासनी गेट और कमला बाजार सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए भगवान महर्षि वाल्मीकि के जयकारे लगाते रहे। अंत में शोभायात्रा मोहल्ला नाई का नगला स्थित बाबा बालक दास बगीची पहुंचकर संपन्न हुई।
किला गेट स्थित मोहल्ला कोठी में शोभायात्रा पहुंचने पर सभासद अभिषेक राज और अजय राज के नेतृत्व में भगवान महर्षि वाल्मीकि की आरती उतारी गई। सभासद अभिषेक राज और युवा समाजसेवी विकास कुमार ने मेला अध्यक्ष अमरदीप कमल, उनकी कमेटी, समाज के वरिष्ठजनों और प्रशासनिक अधिकारियों का पटका पहनाकर तथा भगवान वाल्मीकि का छवि चित्र भेंटकर स्वागत किया। इस दौरान अभिषेक राज ने सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश देते हुए कहा कि सभी वर्गों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहना चाहिए। महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं भेदभाव मिटाने, एक-दूसरे का सम्मान करने और मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा देती हैं।
कार्यक्रम के दौरान मेला सुरक्षा व्यवस्था में तैनात महिला कोतवाली प्रभारी ऋतु तोमर सहित समाज की करीब दो दर्जन महिलाओं को पटका, पगड़ी और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। पूर्व सभासद राधा राज, रजनी देवी, सुधा सिंह, किरण देवी, कमलेश, ओमवती, अनु कुमारी, गुड़िया, राधा और मोनिका सहित अन्य महिलाओं ने सम्मान कार्यक्रम में भाग लिया। आयोजन में हरिगढ़ विभाग प्रचारक गोविंद, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम बिहारी चटर्जी, नगर अध्यक्ष विवेक गुप्ता, विहिप जिला मंत्री प्रवीन खंडेलवाल, भाजपा नेता कुँवर रत्नेश रत्न और जुल्म के खिलाफ संगठन के अध्यक्ष चौधरी बिजेंद्र सिंह सहित समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)