पेट्रोल में 31% इथेनॉल मिलाने का दावा केंद्र ने किया खारिज, 27 राज्यों के 893 सैंपलों की जांच में E20 मानक सही

Sunday, November 8, 2026 - 16:18
0
पेट्रोल में 31% इथेनॉल मिलाने का दावा केंद्र ने किया खारिज, 27 राज्यों के 893 सैंपलों की जांच में E20 मानक सही

पेट्रोल में निर्धारित सीमा से अधिक इथेनॉल मिलाए जाने के आरोपों के बीच केंद्र सरकार ने 31 फीसदी तक मिश्रण के दावों को खारिज किया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक, देश के 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सरकारी तेल कंपनियों के डिपो और पेट्रोल पंपों से लिए गए 893 नमूनों की जांच की गई। सभी नमूनों में इथेनॉल की मात्रा 19 से 21 फीसदी के निर्धारित दायरे में पाई गई, जो भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के IS 17021 मानक के अनुरूप है।

मंत्रालय के अनुसार, कर्नाटक से जांच के लिए लिए गए 56 नमूनों में भी इथेनॉल की मात्रा 19 से 20 फीसदी के बीच दर्ज की गई। इनका औसत मिश्रण 19.30 फीसदी रहा। यह जांच इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था के तहत की गई थी।

दरअसल, कर्नाटक सरकार ने कुछ पेट्रोल पंपों से लिए गए नमूनों की जांच के आधार पर पेट्रोल में 26 से 31.2 फीसदी तक इथेनॉल होने का दावा किया था। राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रिजवान अरशद ने बताया था कि सात जिलों से लिए गए 14 नमूनों में से 11 में निर्धारित 20 फीसदी से अधिक इथेनॉल मिला। इसके बाद यह विवाद राजनीतिक और सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गया।

केंद्र की ओर से सरकारी तेल कंपनियों ने कर्नाटक में अपनाई गई सैंपलिंग और जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। कंपनियों का कहना है कि अक्टूबर में लिए गए नमूनों की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं थी और उन्हें संबंधित रिकॉर्ड तथा दोबारा जांच के लिए सुरक्षित रखे गए नमूने उपलब्ध नहीं कराए गए। कंपनियों ने राज्य सरकार से संयुक्त रूप से नमूने लेने और अधिकृत प्रयोगशाला में स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि E20 पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार नियंत्रित की जाती है। हालांकि, कर्नाटक सरकार के दावों और केंद्र की जांच के निष्कर्षों के बीच अंतर को देखते हुए संयुक्त और पारदर्शी जांच से ही विवाद की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User