बाबरी विध्वंस पर क्यों रोई थीं सोनिया गांधी? उदित राज ने भाजपा के आरोपों का दिया जवाब, बोले- देश के हालात से थीं भावुक
अयोध्या में 6 दिसंबर 1992 को बाबरी मस्जिद के विध्वंस को लेकर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के हालिया बयान पर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। सोनिया गांधी ने एक साक्षात्कार में याद किया था कि जब उन्होंने टेलीविजन पर बाबरी ढांचे को गिरते हुए देखा तो वह रो पड़ी थीं। उनके इस बयान पर भाजपा ने सवाल उठाते हुए पूछा कि उनकी सहानुभूति राम जन्मभूमि के साथ थी या मस्जिद के साथ।
भाजपा प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने सोनिया गांधी की टिप्पणी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस की विचारधारा पर सवाल उठाए। उन्होंने यह भी पूछा कि 6 दिसंबर 1992 को सोनिया गांधी ने विध्वंस की तस्वीरें किस चैनल पर और किस समय देखी थीं। भाजपा नेताओं ने इस बयान को लेकर कांग्रेस पर राजनीतिक आरोप भी लगाए।
भाजपा की आलोचनाओं के बीच कांग्रेस नेता उदित राज ने सोनिया गांधी का बचाव किया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की चिंता केवल मस्जिद तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह देश के सामाजिक ताने-बाने और भविष्य को लेकर भावुक थीं। उदित राज के मुताबिक, बाबरी ढांचे का विध्वंस दुखद घटना थी और सोनिया गांधी उस समय देश के हालात को लेकर चिंतित थीं।
उदित राज ने कहा कि भारत में बड़ी मुस्लिम आबादी रहती है। यदि किसी समुदाय को नफरत की नजर से देखा जाएगा, उसे मुख्यधारा से अलग रखा जाएगा या निशाना बनाया जाएगा, तो इसका असर देश की प्रगति पर पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोनिया गांधी देश के लिए रो रही थीं और उनकी भावनाएं देश की स्थिति से जुड़ी थीं।
दरअसल, सोनिया गांधी ने अपनी संस्मरण पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के विमोचन से पहले दिए साक्षात्कार में 1992 की घटना को याद किया था। उन्होंने कहा था कि उस घटना ने उन्हें महसूस कराया कि भारत के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप को बनाए रखने के लिए लंबी लड़ाई लड़नी होगी। उनके इसी बयान के बाद भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)