एनसीपी के दोनों गुटों के विलय पर सुप्रिया सुले का बड़ा बयान, बोलीं- भाई अजित पवार के निधन के बाद खत्म हुई बातचीत

Saturday, November 14, 2026 - 13:51
0
एनसीपी के दोनों गुटों के विलय पर सुप्रिया सुले का बड़ा बयान, बोलीं- भाई अजित पवार के निधन के बाद खत्म हुई बातचीत

महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के विलय को लेकर चल रही अटकलों पर सांसद सुप्रिया सुले ने विराम लगाने की कोशिश की है। उन्होंने साफ कहा कि पार्टी के दोनों धड़ों के एक होने को लेकर फिलहाल न कोई प्रस्ताव है और न ही कोई बातचीत चल रही है। सुले के मुताबिक, जब तक उनके भाई अजित पवार जीवित थे, तब तक विलय को लेकर चर्चा हुई थी, लेकिन उनके निधन के बाद यह मामला वहीं समाप्त हो गया।

सुप्रिया सुले ने कहा कि अजित पवार के रहते दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत हुई थी और इस दिशा में दोनों पक्षों की भावना भी थी। हालांकि, उनके अचानक निधन के बाद परिस्थितियां बदल गईं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विलय के संबंध में न तो उन्हें कोई प्रस्ताव मिला है और न ही किसी ने उनसे इस मुद्दे पर संपर्क किया है।

दरअसल, हाल के दिनों में दोनों गुटों के नेताओं की मुलाकातों के बाद विलय की अटकलें तेज हो गई थीं। एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके अलावा शरद पवार और अजित पवार के परिवार के सदस्यों के बीच हुई मुलाकातों को भी राजनीतिक नजरिए से देखा जा रहा था।

इन मुलाकातों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुले ने कहा कि शरद पवार और अजित पवार के परिवार के बीच व्यक्तिगत संबंध हमेशा बने रहे हैं। शादी और जन्मदिन जैसे पारिवारिक अवसरों पर मुलाकातें होती रही हैं। उन्होंने कहा कि नेताओं का शरद पवार से मिलना भी कोई नई बात नहीं है।

वहीं, महाराष्ट्र एनसीपी अध्यक्ष सुनील तटकरे ने भी विलय की अटकलों को ज्यादा महत्व नहीं दिया। इससे पहले अजित पवार की पत्नी और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने इस मुद्दे पर कहा था कि सही समय आने पर सभी को जानकारी मिल जाएगी।

सुप्रिया सुले के ताजा बयान के बाद फिलहाल दोनों गुटों के विलय की संभावनाओं पर संशय बना हुआ है। हालांकि, राजनीतिक हलकों में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं जारी हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User