दिवाली पर दिल्ली के बाजारों को जाम से राहत दिलाने की तैयारी, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर होगी सख्ती
नई दिल्ली। दीपावली के त्योहार से पहले दिल्ली के बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार की है। पुलिस का लक्ष्य बाजारों और आसपास की सड़कों को जाम मुक्त रखना तथा खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को सुरक्षित और सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बाजारों में भीड़ नियंत्रित करने के लिए रामलीला के दौरान अपनाई गई सुरक्षा व्यवस्था और रणनीति का इस्तेमाल किया जाएगा। त्योहारी सीजन में बाजारों और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अवैध पार्किंग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों और दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थानों की टीमें संयुक्त रूप से काम करेंगी। ट्रैफिक पुलिस प्रमुख सड़कों और चौराहों पर तैनात रहकर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करेगी। वहीं, स्थानीय पुलिस बाजारों के भीतर और आसपास अवैध पार्किंग, रेहड़ी-पटरी से होने वाले अतिक्रमण तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगी।
योजना को प्रभावी बनाने के लिए सामाजिक संस्थाओं, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), पुलिस मित्र और बाजार संघों का भी सहयोग लिया जाएगा। भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख चौराहों पर स्थानीय स्वयंसेवक तैनात किए जाएंगे। ये पुलिस के साथ समन्वय बनाकर यातायात नियंत्रित करने और ग्राहकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों की जानकारी देने में मदद करेंगे।
उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल के अनुसार, त्योहारों के दौरान बाजारों को जाम मुक्त रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस, स्थानीय पुलिस और सामाजिक संस्थाओं के स्वयंसेवक मिलकर काम करेंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी, ताकि लोग परिवार के साथ सुरक्षित माहौल में त्योहार की खरीदारी कर सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)