दीपावली से पहले आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण जाम: दो किमी तक लगी वाहनों की कतार, बच्चे और महिलाएं बेहाल
दीपावली पर घर लौटने वालों की भीड़ के चलते आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार को यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। फतेहाबाद क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा-21 पर सुबह करीब आठ बजे से वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। दोपहर तक जाम करीब दो किलोमीटर तक पहुंच गया। वाहन चालकों को टोल पार करने के लिए एक से डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
दिल्ली-एनसीआर और अन्य शहरों से लोग त्योहार मनाने के लिए अपने घरों की ओर लौट रहे हैं। अचानक बढ़े यातायात दबाव के कारण एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। जाम में फंसे बच्चों और महिलाओं को काफी परेशानी हुई। यात्रियों के मुताबिक, लंबे इंतजार के दौरान पानी और खाने की व्यवस्था नहीं होने से मुश्किलें और बढ़ गईं।
जाम की सूचना पर फतेहाबाद पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। टोल प्लाजा पर अतिरिक्त लाइनें चालू कराकर यातायात सुचारू करने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहनों की अधिक संख्या के कारण तत्काल राहत नहीं मिल सकी। टोल प्रबंधन के अनुसार, सामान्य दिनों की तुलना में त्योहार के चलते वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई थी।
यमुना एक्सप्रेसवे के खंदौली टोल प्लाजा पर भी वाहनों का दबाव बढ़ने से लंबी कतारें लग गईं। नोएडा की ओर से आगरा आने वाले यात्रियों को भी जाम का सामना करना पड़ा। टोल प्रबंधन के मुताबिक, सामान्य दिनों में यहां से करीब 25 हजार वाहन गुजरते हैं, जबकि शुक्रवार को लगभग 37 हजार वाहन निकले और शनिवार को 45 हजार से अधिक वाहनों के गुजरने का अनुमान था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)