एमपी में मौसम का दोहरा वार: दिन में बढ़ी ठिठुरन, पूर्वी जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश में सक्रिय तीन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से कई जिलों में बादल छाए हुए हैं, जबकि पूर्वी हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को रीवा, जबलपुर और शहडोल संभाग के 13 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, सतना, रीवा, मैहर, कटनी, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। वहीं, जबलपुर और सागर संभाग के कुछ अन्य जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है।
प्रदेश में बादलों और बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई है। कई शहरों में अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने से दिन में भी ठिठुरन महसूस हो रही है। रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और पूर्वी जिलों में बारिश दर्ज की गई।
मौसम में बदलाव के पीछे तीन मौसमी प्रणालियों का असर बताया जा रहा है। पूर्वी मध्य प्रदेश में निम्न दबाव क्षेत्र और ट्रफ सक्रिय हैं, जबकि प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव भी देखने को मिल रहा है।
इसके अलावा कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश की ओर आ रही हैं। मौसम प्रणालियों का असर कम होने के बाद प्रदेश में ठंड और बढ़ने के आसार हैं। खासकर उत्तरी हवाओं के चलते ग्वालियर-चंबल सहित कई क्षेत्रों में सर्दी का प्रभाव तेज हो सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)