इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में 42 मकान जमींदोज, उजड़ गए परिवारों के आशियाने; सवालों के घेरे में जिम्मेदार व्यवस्था

Tuesday, November 24, 2026 - 12:54
0
इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में 42 मकान जमींदोज, उजड़ गए परिवारों के आशियाने; सवालों के घेरे में जिम्मेदार व्यवस्था

इंदौर। किसी ने बैंक से कर्ज लेकर मकान बनाया था तो किसी ने गांव की पुश्तैनी जमीन बेचकर प्लॉट खरीदा था। किसी के पास मकान की रजिस्ट्री थी तो कोई वर्षों से नगर निगम को संपत्ति कर जमा कर रहा था। परिवारों ने एक-एक रुपया जोड़कर अपने आशियाने बनाए थे। बच्चों की पढ़ाई, बेहतर भविष्य और सुरक्षित जिंदगी के सपने इसी घर से जुड़े थे। लेकिन इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई ने कई परिवारों की वर्षों की मेहनत को मलबे में बदल दिया।

कृष्णबाग कॉलोनी में प्रशासन ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में बड़ी कार्रवाई करते हुए 42 मकानों को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के लिए 10 पोकलेन मशीनें लगाई गईं। जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस का भारी अमला मौके पर तैनात रहा। नगर निगम के करीब 250, पुलिस के 300 और राजस्व विभाग के लगभग 200 अधिकारी-कर्मचारी इस कार्रवाई में शामिल रहे। अदालत से अंतरिम राहत प्राप्त कुछ परिवारों के मकानों को कार्रवाई से अलग रखा गया।

अभी कुछ दिन पहले ही लोगों ने दिवाली मनाई थी। किसी ने घर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया होगा, किसी ने दरवाजे पर वंदनवार लगाया होगा तो किसी ने परिवार के साथ लक्ष्मी पूजन कर खुशियां बांटी होंगी। शायद किसी को अंदाजा भी नहीं था कि जिस घर में कुछ दिन पहले त्योहार की रौनक थी, वहां जल्द ही बुलडोजर की आवाज गूंजेगी। जिस चौखट पर दीपक जलाए गए थे, उसी घर को टूटता देखकर परिवारों की आंखों में आंसू थे।

कार्रवाई के दौरान कई रहवासी अपने मकान टूटते देख भावुक हो गए। महिलाओं ने कार्रवाई रोकने की गुहार लगाई तो कुछ लोग आखिरी समय तक घर छोड़ने को तैयार नहीं थे। कई परिवारों का कहना था कि उन्होंने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी लगाकर प्लॉट खरीदे और मकान बनवाए। कुछ लोगों के पास रजिस्ट्री और संपत्ति कर जमा करने की रसीदें भी हैं। उनका सवाल है कि यदि जमीन विवादित थी तो प्लॉट बिकने और मकान बनने के समय जिम्मेदार विभागों ने कार्रवाई क्यों नहीं की?

इस जमीन को लेकर श्रीराम बिल्डर्स और स्थानीय रहवासियों के बीच वर्ष 2003 से विवाद चल रहा था। मामला तहसील स्तर से होते हुए हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने विवादित जमीन से निर्माण हटाने की कार्रवाई की। जिन लोगों को अदालत से अंतरिम राहत मिली थी, उनके मकानों को फिलहाल कार्रवाई से बाहर रखा गया।

लेकिन इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कॉलोनी में प्लॉट बिक रहे थे, रजिस्ट्री हो रही थी और मकान बन रहे थे, तब संबंधित विभागों की निगरानी कहां थी? लोगों को जमीन बेचने वाले कौन थे? क्या खरीदारों को जमीन के विवाद की जानकारी दी गई थी? यदि निर्माण अवैध थे तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई? इन सवालों का जवाब मिलना भी जरूरी है।

अदालत के आदेश का पालन अपनी जगह है, लेकिन उन लोगों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए जिनकी भूमिका या लापरवाही के कारण परिवारों ने अपनी मेहनत की कमाई ऐसी जमीन पर लगा दी। केवल मकान तोड़ देना समस्या का पूरा समाधान नहीं हो सकता। जिन लोगों ने खुद को वैध खरीदार समझकर जीवनभर की पूंजी लगा दी, उनकी शिकायतों और दावों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

कृष्णबाग कॉलोनी में 42 मकान टूट गए, लेकिन इनके साथ कई परिवारों की वर्षों की मेहनत, यादें और भविष्य की योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। अब सवाल यही है कि क्या जिम्मेदारी केवल उन लोगों तक सीमित रहेगी जिनके मकान टूटे हैं, या उन लोगों और विभागों की जवाबदेही भी तय होगी जिन्होंने प्लॉट की खरीद-बिक्री और निर्माण के दौरान समय रहते स्थिति स्पष्ट नहीं की?

बुलडोजर चलाकर जमीन खाली कराई जा सकती है, लेकिन जिन परिवारों का भरोसा और भविष्य प्रभावित हुआ है, उनके सवालों का जवाब कौन देगा?

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User