दिल्ली को स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात: 2027 में शुरू होंगे 1,815 बेड वाले दो नए अस्पताल, दिसंबर में खुलेंगे 40 आयुष्मान आरोग्य मंदिर
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक कर विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2027 में सिरसपुर और हस्तसाल में दो नए अस्पताल शुरू किए जाएंगे। इन दोनों अस्पतालों में कुल 1,815 बेड की सुविधा होगी। इसके अलावा दिसंबर में 40 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी आम लोगों के लिए खोले जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए और अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सिरसपुर में 1,164 बेड का अस्पताल बनकर तैयार हो चुका है। फिलहाल यहां चिकित्सा उपकरणों की खरीद की प्रक्रिया चल रही है, जिसे जनवरी के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, हस्तसाल में 651 बेड के अस्पताल का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है। दोनों अस्पतालों के शुरू होने से आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और मौजूदा सरकारी अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए दिल्ली में 40 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर दिसंबर में शुरू किए जाएंगे। फिलहाल राजधानी में 415 से अधिक केंद्र संचालित हैं, जबकि सरकार ने कुल 1,100 केंद्र शुरू करने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री ने अधिक मरीजों की संख्या वाले केंद्रों में दो पालियों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी काम करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में मादीपुर और ज्वालापुरी में निर्माणाधीन अस्पतालों की भी समीक्षा की गई। दोनों अस्पतालों में 691-691 बेड की सुविधा प्रस्तावित है और इन्हें वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है। मादीपुर अस्पताल के निर्माण पर 466.50 करोड़ रुपये और ज्वालापुरी अस्पताल पर 484.04 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
इसके अलावा रोहिणी स्थित बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में 463 बेड का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक विकसित किया जा रहा है। इसका ओपीडी ब्लॉक उद्घाटन के लिए तैयार है। राव तुला राम मेमोरियल अस्पताल में 270 बेड और खिचड़ीपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में 460 बेड के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक का काम भी अंतिम चरण में है।
समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य राजधानी के हर नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समय पर इलाज उपलब्ध कराना है। इसके लिए अस्पतालों के निर्माण के साथ आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)