राजोआणा की फांसी की सजा उम्रकैद में बदलने की मांग का केंद्र ने किया विरोध, सुप्रीम कोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित
बलवंत सिंह राजोआणा की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदलने की मांग का केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में विरोध किया है। राजोआणा ने दया याचिका पर फैसले में लंबे समय से हो रही देरी का हवाला देते हुए अपनी सजा कम करने की अपील की है। बुधवार को सुनवाई के बाद सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया और दोनों पक्षों को तीन सप्ताह के भीतर लिखित दलीलें दाखिल करने का निर्देश दिया।
केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल केएम नटराज ने दलील दी कि राजोआणा ने सुनवाई के दौरान संविधान और न्यायिक व्यवस्था में भरोसा नहीं होने की बात कही थी। उनके बयान निचली अदालत के फैसले में दर्ज हैं। केंद्र ने यह भी कहा कि राजोआणा ने खुद न तो अपनी फांसी की सजा के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की थी और न ही व्यक्तिगत रूप से दया याचिका दाखिल की थी। सरकार की ओर से यह तर्क भी दिया गया कि सुप्रीम कोर्ट अनुच्छेद 142 के तहत राष्ट्रपति और राज्यपाल की अनुच्छेद 72 और 161 में दी गई दया और सजा में छूट की शक्तियों का स्थान नहीं ले सकता।
राजोआणा की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने दलील दी कि उनका मुवक्किल करीब 30 साल जेल में बिता चुका है और 15 साल से अधिक समय से फांसी की सजा का इंतजार कर रहा है। उन्होंने कहा कि दया याचिका पर लंबे समय तक निर्णय नहीं होने के कारण उसे अनिश्चितता में नहीं रखा जा सकता। रोहतगी ने यह भी तर्क दिया कि संविधान के प्रति किसी व्यक्ति की पहले की राय उसके संवैधानिक अधिकारों और न्याय पाने के रास्ते को खत्म नहीं कर सकती।
सुनवाई के दौरान रोहतगी ने मामले के अन्य दोषियों को मिली राहत का भी हवाला दिया। उन्होंने बताया कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने मार्च 2012 में राजोआणा की ओर से दया याचिका दाखिल की थी। उनके अनुसार, मामले के कुछ सह-दोषियों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली है, जबकि एक अन्य दोषी जगतार सिंह हवारा की फांसी की सजा हाईकोर्ट ने उम्रकैद में बदल दी थी।
राजोआणा को पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में जुलाई 2007 में विशेष अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी। 31 अगस्त 1995 को चंडीगढ़ में हुए बम विस्फोट में बेअंत सिंह समेत 17 लोगों की मौत हुई थी। मई 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने उस समय राजोआणा की सजा उम्रकैद में बदलने से इनकार करते हुए दया याचिका पर सक्षम प्राधिकारी को उचित समय पर विचार करने की छूट दी थी। अब ताजा सुनवाई के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)