असम: सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप, पूर्व सरकारी इंजीनियर की आय से 152.96% अधिक संपत्ति; ईडी ने दाखिल की शिकायत

Wednesday, November 25, 2026 - 23:06
0
असम: सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप, पूर्व सरकारी इंजीनियर की आय से 152.96% अधिक संपत्ति; ईडी ने दाखिल की शिकायत

गुवाहाटी। असम में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सेवानिवृत्त कार्यकारी अभियंता मोहम्मद चामेद अली और उनकी पत्नी पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने तथा मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगे हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 21 नवंबर को दोनों के खिलाफ गुवाहाटी की विशेष अदालत में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अभियोजन शिकायत दाखिल की है।

ईडी की जांच के अनुसार, एक जनवरी 2000 से 28 फरवरी 2021 के बीच चामेद अली और उनके परिवार की ज्ञात स्रोतों से कुल आय करीब 2.01 करोड़ रुपये थी, जबकि इस अवधि में उन्होंने लगभग 5.09 करोड़ रुपये खर्च किए और निवेश किए। इस तरह करीब 3.08 करोड़ रुपये की ऐसी संपत्ति सामने आई, जो उनकी ज्ञात आय से 152.96 प्रतिशत अधिक बताई गई है।

जांच में आरोप लगाया गया है कि चामेद अली ने सड़क निर्माण से जुड़े ठेकेदारों से उनके बिलों का भुगतान जारी करने के बदले रकम ली और अपने पद का दुरुपयोग कर संपत्ति अर्जित की। आरोप है कि इस धन को रिश्तेदारों के बैंक खातों के माध्यम से इधर-उधर किया गया। इसके अलावा बिना हिसाब वाली नकदी उनके, उनकी पत्नी और बच्चों के बैंक खातों में जमा कराई गई।

ईडी के मुताबिक, कथित अवैध कमाई का इस्तेमाल गुवाहाटी के लालमती रोड पर तीन मंजिला इमारत बनाने, जमीन और फ्लैट खरीदने तथा एलआईसी पॉलिसियों और म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ संपत्तियां रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गईं, लेकिन उन पर नियंत्रण चामेद अली का था।

एजेंसी ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी परबीन सुल्ताना ने भी कथित अपराध से अर्जित धन को छिपाने और निवेश करने में सहयोग किया। उनके बैंक खातों में ठेकेदारों से रकम आने और उसी धन से जमीन खरीदने की बात जांच में सामने आई। उन्होंने कुछ रकम को उपहार बताया, लेकिन इसके समर्थन में दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सकीं।

इससे पहले ईडी ने 4 फरवरी 2026 को अस्थायी कुर्की आदेश जारी कर करीब 3.06 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की थीं। इनमें गुवाहाटी की पांच अचल संपत्तियां और नौ एलआईसी पॉलिसियां शामिल थीं। अब इस कुर्की की पुष्टि पीएमएलए के तहत गठित निर्णायक प्राधिकरण ने भी कर दी है।

चामेद अली वर्ष 1990 में असम सरकार के लोक निर्माण विभाग में सहायक अभियंता के रूप में नियुक्त हुए थे। उन्होंने विभिन्न सड़क प्रभागों में काम किया और 28 फरवरी 2021 को कार्यकारी अभियंता के पद से सेवानिवृत्त हुए। मामले में ईडी की जांच जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User