संसद सत्रावसान में 100 दिन की देरी पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, डोटासरा नहीं जयराम रमेश बोले- बहुमत जुटाने में लगे पीएम और गृह मंत्री
कांग्रेस ने संसद के मानसून सत्र के 100 दिन बाद भी औपचारिक सत्रावसान नहीं किए जाने को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।
जयराम रमेश ने शनिवार को सोशल मीडिया पर कहा कि 13 अगस्त को संसद का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुआ था, लेकिन 100 दिन बीतने के बाद भी उसे औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले लाया गया संविधान संशोधन विधेयक 17 अप्रैल को लोकसभा में पारित नहीं हो सका था और अब नए विधेयक की विषयवस्तु को लेकर भी स्पष्टता नहीं है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार ने नए प्रस्तावों पर विपक्षी दलों के साथ गंभीर और व्यवस्थित चर्चा नहीं की है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से प्रधानमंत्री को चार पत्र लिखे जाने के बावजूद सर्वदलीय बैठक नहीं बुलाई गई।
रमेश ने मांग की कि लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों और राज्यों के बीच वर्तमान सीट वितरण को बरकरार रखते हुए महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू किया जाए। उनका कहना है कि व्यापक परिसीमन की प्रक्रिया को फिलहाल टाला जाना चाहिए और इस व्यवस्था को विकसित भारत का लक्ष्य हासिल होने तक बनाए रखा जाना चाहिए।
संसद के मानसून सत्र का औपचारिक सत्रावसान नहीं होने के बीच विशेष सत्र बुलाए जाने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)