मध्यप्रदेश में नशा तस्करों पर शिकंजा कसने की तैयारी, पूरे नेटवर्क और आर्थिक स्रोतों को ध्वस्त करने के DGP के निर्देश

Tuesday, November 24, 2026 - 12:56
0
मध्यप्रदेश में नशा तस्करों पर शिकंजा कसने की तैयारी, पूरे नेटवर्क और आर्थिक स्रोतों को ध्वस्त करने के DGP के निर्देश

भोपाल। पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश श्री कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने, संगठित तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान को सुदृढ़ करने के संबंध में विस्तृत समीक्षा एवं दिशा-निर्देश दिए गए।

 

पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने मादक पदार्थों के प्रमुख तस्करों, संगठित नेटवर्क, तस्करी मार्गों एवं ड्रग्स हॉटस्पॉट की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने फरार आरोपियों एवं तस्करी में संलिप्त विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया।

 

बैठक में पिछले पांच वर्षों के प्रमुख NDPS प्रकरणों की समीक्षा, जिलावार ड्रग्स हॉटस्पॉट की मैपिंग, अवैध मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध कार्रवाई तथा अंतरराज्यीय तस्करी मार्गों की निगरानी को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

 

MAC प्लेटफॉर्म के माध्यम से रियल टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग, विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, मादक पदार्थों के निर्माण में प्रयुक्त रसायनों के अवैध डायवर्जन पर निगरानी तथा तस्करी से अर्जित संपत्तियों की वित्तीय जांच कर उन्हें फ्रीज करने की कार्रवाई पर विशेष बल दिया गया। साथ ही, लंबित NDPS प्रकरणों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

पुलिस महानिदेशक ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की जब्ती एवं आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि तस्करी के संपूर्ण नेटवर्क, उसके आर्थिक स्रोतों तथा आपूर्ति श्रृंखला को ध्वस्त करना होना चाहिए, ताकि संगठित ड्रग्स अपराधों पर स्थायी अंकुश लगाया जा सके।

 

बैठक में विशेष पुलिस महानिदेशक रेल श्री राजाबाबू सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नारकोटिक्स श्री डी. श्रीनिवास वर्मा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तवार्ता श्री अंशुमान यादव, प्रधान अतिरिक्त महानिदेशक डीआरआई इंदौर श्री मोहम्मद शमशाद आलम, संयुक्त निदेशक एसआईबी भोपाल श्रीमती अमृता दास सहित अन्य संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

मध्यप्रदेश पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी एवं संगठित अपराध के विरुद्ध समन्वित, सतत और खुफिया जानकारी आधारित कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। इस अभियान का उद्देश्य समाज, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखना तथा प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर निर्णायक अंकुश लगाना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User