कादीपुर के अघोर पीठ बाबा सत्यनाथ मठ में सवा लाख दीपों से जगमगाया महाश्मशान, देव दीपावली पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन
कादीपुर, सुल्तानपुर। कादीपुर के अघोर पीठ बाबा सत्यनाथ मठ, अल्देमऊ नूरपुर में आदि गंगा गोमती तट स्थित महाश्मशान में देव दीपावली के अवसर पर सवा लाख दीपों का अद्भुत प्रज्वलन किया गया। मठ के पीठाधीश्वर अवधूत उग्र चण्डेश्वर कपाली बाबा के संरक्षण में देवताओं और पितरों के निमित्त आयोजित इस दीपोत्सव से पूरा महाश्मशान दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।



आयोजन के दौरान मठ परिसर में श्रद्धा और आध्यात्मिकता का विशेष वातावरण देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार, महाश्मशान में इस तरह का दीप प्रज्वलन काशी के बाद अघोर पीठ बाबा सत्यनाथ मठ में आयोजित किया जाता है।




तीन दिवसीय बाबा सत्यनाथ महोत्सव के अंतर्गत 23, 24 और 25 नवंबर तक मठ परिसर में विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और वैचारिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें राष्ट्रीय संगोष्ठी, प्रवचन, लोक गायन सहित क्षेत्रीय लोक विधाओं से जुड़े आयोजन शामिल हैं।



देव दीपावली के दीपोत्सव कार्यक्रम में निर्गुण सम्राट मदन राय (काशी), अभिमन्यु मौर्य और नीरज शर्मा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। लोक गायन और भक्ति संगीत की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)