26/11 हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को वीडियो कॉल की अनुमति, नवजात पोती और परिवार से कर सकेगा बात
दिल्ली की विशेष एनआईए अदालत ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को अपने परिवार और नवजात पोती से वीडियो कॉल पर बात करने की अनुमति दे दी है। अदालत ने 14 दिसंबर 2026 और 4 जनवरी 2027 को शाम 6 से 7 बजे के बीच 10-10 मिनट की कॉल की इजाजत दी है। यह कॉल तिहाड़ जेल में जेल अधीक्षक की मौजूदगी में होगी और इसकी रिकॉर्डिंग भी की जाएगी।
विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा ने राणा की अर्जी पर सुनवाई के बाद यह आदेश दिया। राणा की ओर से अदालत में कहा गया था कि 10 अप्रैल 2025 से हिरासत में रहने के बाद से वह अपने परिवार से नहीं मिल पाया है और अपनी नवजात पोती को भी नहीं देख सका है। उसने अमेरिका में रह रहे परिवार से वीडियो कॉल के जरिए संपर्क करने की अनुमति मांगी थी।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने इस मांग का विरोध किया था। एजेंसी की ओर से दलील दी गई कि हिरासत में बंद किसी आरोपी को वीडियो कॉल की सुविधा पाने का कानूनी अधिकार नहीं है और इसलिए उसकी अर्जी खारिज की जानी चाहिए। हालांकि, अदालत ने निर्धारित शर्तों के साथ सीमित अवधि के लिए कॉल की अनुमति दे दी।
अदालत ने निर्देश दिया कि कॉल जेल अधीक्षक की निगरानी में होगी। शुरुआत में अधीक्षक दूसरी ओर से जवाब मिलने के बाद फोन राणा को सौंपेंगे। साथ ही अदालत ने स्पष्ट किया कि राणा भविष्य में इसी आधार पर दोबारा ऐसी सुविधा की मांग नहीं कर सकेगा।
तहव्वुर राणा को 26/11 मुंबई आतंकी हमले से जुड़े मामले में अमेरिका से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। वह अप्रैल 2025 से तिहाड़ जेल की हाई-सिक्योरिटी सेल में बंद है। मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमलों में 166 लोगों की जान गई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)