सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद क्यों नहीं जला दीप?: अवमानना याचिका में सीएम विजय की भूमिका की जांच की मांग

Thursday, November 26, 2026 - 13:56
0
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद क्यों नहीं जला दीप?: अवमानना याचिका में सीएम विजय की भूमिका की जांच की मांग

तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम के अवसर पर दीपथून स्तंभ में दीप नहीं जलाए जाने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। इस संबंध में अवमानना याचिका दायर कर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और उनके मंत्रियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता ने अदालत से यह पता लगाने का अनुरोध किया है कि क्या मुख्यमंत्री या उनके किसी मंत्री ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने के निर्देश दिए थे।

यह याचिका मूल याचिकाकर्ताओं में शामिल रामा रविकुमार की ओर से दायर की गई है। इसमें 11 सरकारी अधिकारियों और मंदिर पदाधिकारियों के खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्रवाई शुरू करने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता का आरोप है कि आदेश का पालन करने में हुई चूक महज प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि इसे जानबूझकर विफल करने का मामला हो सकता है।

याचिका में तमिलनाडु के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल कर सरकारी स्तर पर लिए गए फैसलों की पूरी जानकारी देने का निर्देश देने की मांग की गई है। इसमें मुख्यमंत्री और मंत्रियों की संभावित भूमिका के साथ-साथ संबंधित फाइलों की टिप्पणियां, बैठकों के विवरण, खुफिया रिपोर्ट और अधिकारियों तथा राजनीतिक नेतृत्व के बीच हुए इलेक्ट्रॉनिक संवाद सुरक्षित रखने और अदालत में पेश करने की मांग भी शामिल है।

याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड ने सर्वसम्मति से दीपथून के बजाय पारंपरिक स्थान पर दीप जलाने का फैसला किया। याचिका में कहा गया है कि मंदिर प्रशासन ने अपने निर्णय के समर्थन में धार्मिक परंपराओं और आगम नियमों का हवाला दिया, जबकि मंदिर के स्थानिकम भट्टरों ने कथित तौर पर दीपथून पर दीप जलाने के संबंध में अपनी राय दिए जाने से इनकार किया है। याचिकाकर्ता का तर्क है कि मंदिर ट्रस्ट का प्रस्ताव अदालत के आदेश को निष्प्रभावी नहीं कर सकता।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को निर्देश दिया था कि 24 नवंबर को शाम 6 से 6:30 बजे के बीच मंदिर प्रशासन की ओर से अधिकृत सीमित टीम दीपथून पर दीप जला सकती है। इसके लिए मदुरै के जिला कलेक्टर को नोडल अधिकारी बनाया गया था। हालांकि, 24 नवंबर को पहाड़ी पर स्थित दीपथून के बजाय उचिपिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर ही दीप जलाया गया।

मदुरै जिला प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल प्रारंभिक स्थिति रिपोर्ट में दीप नहीं जलाए जाने पर बिना शर्त माफी मांगी है। प्रशासन का कहना है कि मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड ने दीप जलाने के लिए टीम को अनुमति नहीं दी और इसके बाद राजस्व विभाग तथा पुलिस के पास स्वयं हस्तक्षेप करने का कानूनी अधिकार नहीं था।

याचिका में हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के आयुक्त टी.जी. विनय, जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण, पुलिस आयुक्त एस. राजेंद्रन, पुलिस उपायुक्त इनिगो विजयन, मंदिर के कार्यकारी अधिकारी और पांच ट्रस्टियों सहित 11 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत सात दिनों के भीतर दीपथून पर दीप जलाने के लिए नई तारीख तय करने का अनुरोध किया गया है।

याचिकाकर्ता ने 1994 के 'मोहम्मद असलम उर्फ भूरे बनाम भारत संघ' मामले के फैसले का हवाला देते हुए कहा है कि यदि व्यक्तिगत जिम्मेदारी साबित होती है तो मुख्यमंत्री को भी अवमानना के लिए जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर नजर रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User