अखिलेश का प्रण पत्र: 300 यूनिट मुफ्त बिजली के वादे पर उपभोक्ता परिषद ने उठाए सवाल, सालाना 47,591 करोड़ के खर्च का अनुमान
समाजवादी पार्टी की ओर से बृहस्पतिवार को जारी चुनावी घोषणा पत्र में 300 यूनिट तक घरेलू बिजली मुफ्त देने और किसानों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने के वादे पर उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने सवाल उठाए हैं। परिषद ने इस योजना पर सरकारी खजाने पर सालाना करीब 47,591 करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ पड़ने का अनुमान जताया है। हालांकि, परिषद ने बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने और सार्वजनिक क्षेत्र को मजबूत करने के वादे का स्वागत किया है।
परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और निजीकरण रोकने की मांग परिषद लगातार उठाती रही है। ऐसे में सपा के घोषणा पत्र में बिजली व्यवस्था को सार्वजनिक क्षेत्र में मजबूत करने का वादा स्वागत योग्य है। लेकिन मुफ्त बिजली देने जैसी बड़ी घोषणा के साथ उसके लिए आवश्यक वित्तीय संसाधनों की स्पष्ट योजना भी सामने आनी चाहिए।
अवधेश कुमार वर्मा के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2026-27 के आंकड़ों के आधार पर प्रदेश में करीब 3.88 करोड़ बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें लगभग 3.37 करोड़ घरेलू उपभोक्ता शामिल हैं। घरेलू श्रेणी से प्रस्तावित राजस्व करीब 39,761 करोड़ रुपये है। परिषद का आकलन है कि यदि घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाती है, तो करीब 34,746 करोड़ रुपये का राजस्व सरकार को वहन करना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार पहले से ही किसानों और घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली दरों में राहत देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में करीब 20,400 करोड़ रुपये की सब्सिडी दे रही है। इसमें निजी नलकूपों वाले किसानों के लिए लगभग 12,845 करोड़ रुपये की सब्सिडी शामिल है। परिषद के अनुसार, घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने पर अनुमानित 34,746 करोड़ रुपये और किसानों की मौजूदा बिजली सब्सिडी के 12,845 करोड़ रुपये जोड़ने पर कुल वार्षिक वित्तीय भार करीब 47,591 करोड़ रुपये हो सकता है।
परिषद अध्यक्ष ने कहा कि सरकार पिछले करीब सात वर्षों से बिजली दरों में बढ़ोतरी नहीं कर रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं को राहत देने के साथ बिजली कंपनियों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनियों को आत्मनिर्भर बनाने, वित्तीय स्थिति सुधारने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना होनी चाहिए।
परिषद ने सपा के मुफ्त बिजली के वादे पर वित्तीय व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि किसी भी ऐसी योजना को लागू करने से पहले उसके खर्च और बजटीय प्रावधानों का आकलन जरूरी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)