राजस्थान जिला प्रमुख चुनाव: कांग्रेस ने 24 जिलों में दर्ज की जीत, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों के गढ़ में हारी भाजपा

Thursday, November 26, 2026 - 13:26
0
राजस्थान जिला प्रमुख चुनाव: कांग्रेस ने 24 जिलों में दर्ज की जीत, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों के गढ़ में हारी भाजपा

राजस्थान के 37 जिला परिषदों में जिला प्रमुख पद के चुनाव में कांग्रेस ने 24 जिलों में जीत दर्ज कर भाजपा को बड़ा झटका दिया है। भाजपा को 10 जिलों में सफलता मिली, जबकि भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने दो और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने एक जिले में अपना जिला प्रमुख बनाया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर सहित केंद्रीय मंत्रियों के प्रभाव वाले अलवर और जोधपुर में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। चुनाव में क्रॉस वोटिंग और पार्टी के भीतर बगावत ने राजनीतिक समीकरण बदल दिए।

भरतपुर में कांग्रेस की रेनू वाला ने भाजपा की पूजा जाटव को तीन वोटों से हराया। रेनू वाला को 17, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 14 वोट मिले। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के निर्वाचन क्षेत्र अलवर और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल तथा गजेंद्र सिंह शेखावत के प्रभाव वाले जोधपुर में भी कांग्रेस प्रत्याशी जिला प्रमुख चुने गए। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के राजनीतिक क्षेत्र झालावाड़ में भाजपा ने जीत दर्ज की, जबकि उनके गृह जिले धौलपुर में कांग्रेस ने बाजी मारी।

चूरू में कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद क्रॉस वोटिंग के कारण भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू कनिका सिंह जिला प्रमुख चुनी गईं। इसके उलट ब्यावर में भाजपा के पास 14 जिला परिषद सदस्य होने के बावजूद उसकी प्रत्याशी निर्मला रावत एक वोट से हार गईं। कांग्रेस की ममता गुर्जर ने जीत दर्ज की। बीकानेर में भी कांग्रेस के भीतर क्रॉस वोटिंग का मामला सामने आया। पार्टी के वरिष्ठ नेता गोविंद राम मेघवाल की बेटी को टिकट नहीं मिलने के बाद उनके खेमे के सदस्यों पर क्रॉस वोटिंग का आरोप लगा। हालांकि, कांग्रेस की निकिता डूडी चुनाव जीतने में सफल रहीं। इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गोविंद राम मेघवाल और उनकी बेटी को निलंबित कर दिया।

दो जिलों में मुकाबला बराबरी पर रहने के कारण लॉटरी से जिला प्रमुख का फैसला हुआ। डूंगरपुर में भाजपा और बीएपी के बीच 14-14 वोट की बराबरी के बाद लॉटरी में बीएपी के अनुतोष विजयी रहे। वहीं, डीडवाना-कुचामन में कांग्रेस और भाजपा के 14-14 वोट होने पर लॉटरी के जरिए भाजपा के बुद्धाराम को जीत मिली।

इन चुनावों में महिला प्रतिनिधित्व भी उल्लेखनीय रहा। कुल 37 जिलों में से 26 में महिला जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। जैसलमेर में कांग्रेस की 21 वर्षीय संतोष कुमारी जिला प्रमुख चुनी गईं, जबकि दौसा और सवाई माधोपुर में कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुईं।

चुनाव परिणामों के बाद भाजपा संगठन में भी हलचल तेज हो गई है। हार के कारणों की समीक्षा के लिए पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और संगठन महामंत्री अजेय कुमार से चर्चा की। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने नतीजों को ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी के समर्थन का संकेत बताया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User