लद्दाख: सोनम वांगचुक का एलजी प्रशासन पर दुष्प्रचार का आरोप, बोले- स्टिंग ऑपरेशन में सामने आई सोशल मीडिया अभियान की साजिश

Sunday, November 8, 2026 - 13:34
0
लद्दाख: सोनम वांगचुक का एलजी प्रशासन पर दुष्प्रचार का आरोप, बोले- स्टिंग ऑपरेशन में सामने आई सोशल मीडिया अभियान की साजिश

लद्दाख के जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक ने उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के नेतृत्व वाले प्रशासन पर उनके और अन्य स्थानीय नेताओं के खिलाफ सुनियोजित दुष्प्रचार अभियान चलाने का आरोप लगाया है। शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजे संदेश में उन्होंने मामले में हस्तक्षेप करने और लद्दाख के लोगों को समान अधिकार, लोकतांत्रिक स्वतंत्रता तथा न्याय दिलाने की अपील की।

वांगचुक ने दावा किया कि उनकी कानूनी टीम की ओर से किए गए स्टिंग ऑपरेशन में सोशल मीडिया के जरिए उनकी छवि खराब करने और उपराज्यपाल के कामकाज का प्रचार करने की कथित योजना का खुलासा हुआ है। उनके मुताबिक, 14 अक्टूबर को 'लद्दाख लेंस' और 'लद्दाख विजन' नाम से दो सोशल मीडिया पेज सामने आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पेज एक ही क्रिएटिव एजेंसी ने तैयार किए थे और इनके जरिए एक ओर उनके खिलाफ आरोप लगाए जा रहे थे, जबकि दूसरी ओर उपराज्यपाल के कामकाज की प्रशंसा की जा रही थी।

वांगचुक ने कहा कि वह युवाओं और सीमावर्ती क्षेत्रों के हितों की आवाज उठाने के कारण लगातार निशाने पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लद्दाख में सोशल मीडिया पर छोटी टिप्पणियों और लाइक तक को लेकर एफआईआर दर्ज की जा रही हैं और गिरफ्तारियां हो रही हैं। उन्होंने क्षेत्र में पिछले छह वर्षों के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध बढ़ने का भी दावा किया।

उन्होंने भूमि, औद्योगिक, बिजली और पर्यटन नीतियों पर भी सवाल उठाए। वांगचुक का आरोप है कि इन नीतियों से स्थानीय समुदायों के बजाय कॉरपोरेट हितों को फायदा पहुंच रहा है। उन्होंने अपने संस्थान हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव्स लद्दाख (HIAL) से जुड़े प्रशासनिक फैसलों को भी संस्थानों पर दबाव बनाने की कार्रवाई बताया।

हालांकि, लद्दाख प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन ने पहले HIAL की जमीन की लीज रद्द करने के पीछे निर्धारित समय में लीज डीड पूरी नहीं करने और प्रीमियम जमा नहीं करने सहित अन्य कारण बताए थे। संस्थान से जुड़े लोगों ने इन दलीलों पर आपत्ति जताई है। ऐसे में वांगचुक के आरोपों और प्रशासन के फैसलों को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User