सोनीपत की प्लेसरो इंटरनेशनल फैक्ट्री में भीषण आग: चार मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिल तक पहुंचीं लपटें, 12 दमकल गाड़ियां जुटीं
हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में रविवार सुबह प्लेसरो इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। चार मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिल पर लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
आग की गंभीरता को देखते हुए सोनीपत और पानीपत के अलावा दिल्ली से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। करीब 12 दमकल गाड़ियां आग बुझाने के अभियान में जुटीं। फैक्ट्री में पानी की बोतलें बनाने का काम होता है। अंदर प्लास्टिक का सामान और मशीनरी मौजूद होने के कारण आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
राहत की बात यह रही कि रविवार को अवकाश होने के कारण फैक्ट्री में कर्मचारी मौजूद नहीं थे। ऐसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, फैक्ट्री में रखे सामान और मशीनरी को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक नुकसान लाखों रुपये तक हो सकता है।
प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। आग बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा। आसपास की फैक्ट्रियों को फिलहाल सुरक्षित बताया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)