मुंबई हमला: 18 साल बाद भी नहीं भूल पाए खौफनाक मंजर, छोटू चायवाला बोले- आज भी सो नहीं पाता
मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले को 18 साल बीत चुके हैं, लेकिन उस रात की यादें आज भी चश्मदीदों के जेहन में ताजा हैं। हमले के प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद तौफीक शेख, जिन्हें 'छोटू चायवाला' के नाम से जाना जाता है, ने उस रात की आपबीती साझा की। उन्होंने बताया कि घटना के 18 साल बाद भी वह उस मंजर को भुला नहीं पाए हैं और आज भी ठीक से सो नहीं पाते।
तौफीक शेख के मुताबिक, घटना के दिन वह चाय के कुछ पैसे लेने गए थे। वहां काफी भीड़ थी। अधिकारियों ने उन्हें बाहर इंतजार करने के लिए कहा, जिसके बाद वह बाहर खड़े हो गए। इसी दौरान अचानक तेज आवाज सुनाई दी, जो उन्हें दिवाली के पटाखों जैसी लगी। उस समय भारत और इंग्लैंड के बीच क्रिकेट मैच चल रहा था, इसलिए शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद भारत की जीत का जश्न मनाया जा रहा है।
हालांकि, आसपास का नजारा देखकर उन्हें स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ। उन्होंने बताया कि वहां कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आ रहा था और लोग घबराकर इधर-उधर भाग रहे थे। इसके बाद वह चिल्लाकर लोगों को आगाह करने लगे कि सभी वहां से भागें। उन्होंने अंदर जाकर गेट बंद किया और अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
तौफीक ने बताया कि इसी दौरान एक व्यक्ति अंदर आया। शुरुआत में उन्हें लगा कि वह कोई कमांडो है, लेकिन उसके व्यवहार से उन्हें संदेह हुआ। इसके बाद उस व्यक्ति ने पीछे हटकर तीन गोलियां चलाईं। उनके मुताबिक, एक गोली मेज पर लगी, दूसरी से कांच टूट गया, जबकि तीसरी गोली टकराकर दूसरी दिशा में चली गई।
उस समय वह इतने भयभीत थे कि उन्होंने अपने परिवार को फोन कर कहा, 'अब मेरा अंत है।' छोटू चायवाले की यह आपबीती बताती है कि 26/11 का हमला केवल उस रात का हादसा नहीं था, बल्कि उसके गवाह बने लोगों के लिए उसकी यादें आज भी गहरे असर के साथ मौजूद हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)