संविधान दिवस पर कांग्रेस का देशव्यापी संविधान रक्षा मार्च, लखनऊ में खरगे और राहुल गांधी होंगे शामिल; एसआईआर के खिलाफ चलेगा अभियान
संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस 26 नवंबर को देशभर में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। पार्टी की सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियां अपने-अपने राज्यों में इस मार्च का आयोजन करेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। पार्टी ने इस मार्च के जरिए संविधान के मूल्यों और मताधिकार की रक्षा का मुद्दा उठाने की तैयारी की है।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बताया कि प्रत्येक राज्य में मार्च की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास से होगी। इसके बाद संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ता और नागरिक संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों की रक्षा की शपथ लेंगे।
मार्च के साथ पार्टी 'वोट रक्षक' अभियान भी चलाएगी। इसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता प्रत्येक मतदान केंद्र तक पहुंचकर मतदाता सूची से हटाए गए नामों का सत्यापन करेंगे और प्रभावित मतदाताओं को नाम दोबारा जुड़वाने की प्रक्रिया में मदद करेंगे। पार्टी का कहना है कि यह अभियान विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और नाम हटाए जाने की शिकायतों को लेकर चलाया जा रहा है।
वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि कर्नाटक के महादेवपुरा और आलंद सहित हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में मतदाता सूचियों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और कहा कि मताधिकार की रक्षा लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा से जुड़ा विषय है। कांग्रेस ने संविधान में विश्वास रखने वाले नागरिकों, युवाओं, किसानों, मजदूरों और सामाजिक संगठनों से मार्च में भाग लेने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)