हाथरस में त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी ने सुरक्षा और व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के दिए निर्देश
हाथरस, आगामी धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज एवं छठ पर्व तक आयोजित होने वाले त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम में संबंधित अधिकारियों, पुलिस प्रशासन एवं शांति समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कानून एवं शांति व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम, अभियोजन कार्यों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पटाखों की दुकानें निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही लगाई जाएं। पटाखा विक्रेताओं के लाइसेंस, दुकानों की व्यवस्था तथा अग्निशमन सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्थान पर अवैध भंडारण न होने पाए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी, उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी संयुक्त रूप से पटाखा बिक्री स्थलों का निरीक्षण करें। त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ को देखते हुए महिलाओं की सुरक्षा, पुलिस गश्त एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी जांच अभियान चलाया जाए मिलावट खोरों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए, लेकिन जांच एवं प्रवर्तन की कार्रवाई के दौरान किसी भी व्यापारी का अनावश्यक उत्पीड़न न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि भैया दूज पर यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना है। अतः पुलिस एवं परिवहन विभाग विशेष सतर्कता बरतें। रोडवेज बसों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही बसों में ओवरलोडिंग न होने दी जाए। अवैध शराब की बिक्री एवं जहरीली शराब की घटनाओं की रोकथाम के लिए आबकारी विभाग एवं पुलिस संयुक्त रूप से नियमित प्रवर्तन कार्यवाही करें। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर साइबर सेल विशेष निगरानी रखे।आगामी निर्वाचन के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने शांति भंग करने वाले एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार निरोधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यवाही में किसी निर्दाेष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। आदतन अपराधियों के विरुद्ध नियमानुसार गुंडा एक्ट सहित प्रभावी कार्यवाही की जाए। अपर जिलाधिकारियों एवं उप जिलाधिकारियों को न्यायालयों में लंबित निरोधात्मक एवं गुंडा एक्ट के मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।अभियोजन कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने गंभीर अपराधों में प्रभावी पैरवी, गैर-जमानती वारंटों का शत-प्रतिशत तामीला तथा लंबित मामलों में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने पॉक्सो एक्ट के मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने तथा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे से संबंधित लंबित राजस्व वादों की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में अभियुक्तों को सजा नहीं मिल पा रही है अथवा वे दोषमुक्त हो रहे हैं, उनके कारणों का विश्लेषण कर अभियोजन की कमियों को दूर किया जाए। न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले रिवीजन एवं अन्य प्रकरणों का भी संबंधित अधिकारी गंभीरता से परीक्षण करें।
बैठक में एनसीओआरडी एवं एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत की गई कार्यवाही की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नशा मुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से इसकी शुरुआत करते हुए शिक्षा, समाज कल्याण एवं अन्य संबंधित विभागों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। नशा मुक्ति केंद्रों एवं इस क्षेत्र में कार्यरत स्वयंसेवी संस्थाओं की सूची उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए, ताकि नशे के विरुद्ध समन्वित प्रयास किए जा सकें।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। बाजारों में खरीदारी के दौरान महिलाओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण तथा भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस की प्रभावी व्यवस्था रहेगी। उन्होंने व्यापारियों एवं नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनस्वास्थ्य के हित में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। पुलिस टीमों को खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना चाहिए। सार्वजनिक स्थलों, बस अड्डों एवं रेलवे स्टेशन के आसपास नागरिकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। दीपावली तक रैन बसेरों एवं जरूरतमंदों की सहायता संबंधी व्यवस्थाओं को भी निरंतर बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने की अपील की।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी पीएन यादव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चन्द्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, अभियोजन अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)