सरदार पटेल के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा : धनंजय सिंह

Saturday, October 31, 2026 - 17:09
0
सरदार पटेल के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा : धनंजय सिंह

जौनपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में राष्ट्रवादी नौजवान सभा के संस्थापक एवं पूर्व सांसद धनंजय सिंह, संरक्षक एमएलसी बृजेश सिंह तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन सिंह के नेतृत्व में शनिवार को शहर में जन एकता यात्रा निकाली गई। भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित इस यात्रा में हजारों की संख्या में युवा और समर्थक शामिल हुए।

यात्रा सुबह करीब 11 बजे मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज से शुरू हुई। भगवान शिव के डमरू वादन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद पूर्व सांसद धनंजय सिंह और एमएलसी बृजेश सिंह ने सरदार पटेल एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर यात्रा को रवाना किया। यात्रा चहारसू चौराहा, कोतवाली, ओलंदगंज और जेसीज चौराहा होते हुए तिलकधारी सिंह महाविद्यालय स्थित महाराणा प्रताप व्यायामशाला पहुंचकर संपन्न हुई।

इस दौरान पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कहा कि आजाद भारत के एकीकरण में सरदार वल्लभभाई पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने तमाम रियासतों को एकजुट कर देश को एक स्वरूप प्रदान किया। उनकी जयंती पर उन्हें याद करने और उनके विचारों से युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से जन एकता यात्रा निकाली जाती है। इसमें प्रदेशभर के नौजवान अपनी सहभागिता करते हैं। यात्रा का उद्देश्य युवाओं में देश के प्रति समर्पण की भावना पैदा करना और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना है।

राजनीतिक दलों के बीच एक-दूसरे पर टिप्पणियों के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विचारों की आलोचना स्वाभाविक है, लेकिन आलोचना के दौरान कटुता और वैमनस्यता नहीं होनी चाहिए। कोई व्यक्ति हमारे विचारों से सहमत या असहमत हो सकता है, लेकिन वह हमारा शत्रु नहीं है। सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को मर्यादित और संसदीय भाषा का प्रयोग करना चाहिए। आलोचना के साथ सवाल पूछने का अधिकार भी लोकतंत्र का हिस्सा है।

यात्रा के दौरान युवाओं ने भारत माता की जय और सरदार वल्लभभाई पटेल अमर रहें के नारे लगाए। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।

कार्यक्रम में प्रमुख केडी सिंह, पूर्व प्रमुख गप्पू सिंह, आशुतोष सिंह, विनय सिंह, अमित सिंह, पुनीत सिंह, राणा सिंह, जिलाध्यक्ष रत्नदीप सिंह, जयप्रकाश सिंह, शिवेंद्र सिंह और दुर्गेश सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अनिल श्रीवास्तव ने किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User