भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश सदस्य मनोनीत हुए बीआरपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद श्रीवास्तव
जौनपुर। बीआरपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद कुमार श्रीवास्तव को भारतीय जनता पार्टी के शिक्षक प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश का प्रदेश सदस्य मनोनीत किया गया है। इस मनोनयन से शिक्षा जगत और उनके शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। पार्टी की ओर से नई जिम्मेदारी मिलने पर कॉलेज के शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनका माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर डॉ. प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने एक छोटे और साधारण कार्यकर्ता पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ शिक्षक समाज की आवाज को मजबूती देना उनकी प्राथमिकता होगी। शिक्षकों की समस्याओं, अपेक्षाओं और हितों को संगठन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर उनके समाधान के लिए शासन-प्रशासन और पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के स्तर पर हरसंभव प्रयास करेंगे।
डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि वह इस जिम्मेदारी को पद नहीं, बल्कि संगठन और शिक्षक समाज की सेवा का अवसर मानते हैं। कॉलेज के शिक्षकों और कर्मचारियों के स्वागत से अभिभूत प्रधानाचार्य ने कहा कि कॉलेज के विकास के साथ ही जनपद और देश के विकास में भी अपनी भूमिका निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संगठन की ओर से सौंपे गए दायित्वों का पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)