कोंडागांव में अफसरशाही चरम पर, आम जनता की आवाज दबाने का आरोप : विनोद सोरी

कलेक्टर और एसपी पर लोकतांत्रिक आवाजों की अनदेखी का आरोप, आदिवासी कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

Tuesday, November 24, 2026 - 16:36
0
कोंडागांव में अफसरशाही चरम पर, आम जनता की आवाज दबाने का आरोप : विनोद सोरी

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के आदिवासी बाहुल्य बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली और आम जनता के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर सियासत गरमा गई है। आदिवासी कांग्रेस के कोंडागांव जिलाध्यक्ष विनोद सोरी ने जिले की प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि यहां लोकतांत्रिक व्यवस्था के बजाय अफसरशाही हावी है और जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाने वालों को कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।

विनोद सोरी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन कोंडागांव जिले में प्रशासन के विरुद्ध आवाज उठाने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक आम जनता की समस्याओं को सुनने के बजाय विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रहे हैं।

सोरी ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माने जाने वाले मीडिया के पत्रकारों, विपक्षी राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनहित के मुद्दों को उठाने वाले लोगों से पहचान पत्र मांगे जाते हैं तथा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाती है। इससे आम नागरिकों और पत्रकारों में भय का माहौल बन रहा है।

उन्होंने हाल ही में शामपुर एकलव्य आश्रम की अव्यवस्थाओं को लेकर अजाक थाने पहुंचे पालकों एवं सामाजिक लोगों का मामला उठाते हुए कहा कि इस संबंध में पुलिस अधीक्षक के व्यवहार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो चिंताजनक है। सोरी के अनुसार, आदिवासी समाज के लोगों के साथ इस प्रकार का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की।

विनोद सोरी ने आगे आरोप लगाया कि जिले में जनदर्शन जैसे कार्यक्रमों में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले आम नागरिकों को भी उचित सम्मान और सुनवाई नहीं मिल रही है। उनका कहना है कि आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों द्वारा लगातार पत्राचार किए जाने के बावजूद अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने जिले में कथित भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के मामलों पर भी सवाल उठाते हुए प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग की।

सोरी ने कहा कि कोंडागांव आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है और यहां के लोगों की समस्याओं एवं संवैधानिक अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर अपनी बात रखने वाले लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है, जिससे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रभावित हो रही है।

अंत में विनोद सोरी ने स्पष्ट किया कि आदिवासी समाज की आवाज को दबाने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसी कथित प्रशासनिक कार्यवाहियों का पुरजोर विरोध करेगी और आदिवासी समाज को न्याय दिलाने के लिए आदिवासी कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से निर्णायक संघर्ष करेगी।

विनोद सोरी

जिलाध्यक्ष, आदिवासी कांग्रेस

जिला कोंडागांव, छत्तीसगढ़

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User