चार साल बाद पुलिसकर्मी के परिवार को मिला इंसाफ: ट्रेलर की टक्कर से हुई थी मौत, अब मिलेगा 1.1 करोड़ रुपये से अधिक मुआवजा

Friday, November 27, 2026 - 14:15
0
चार साल बाद पुलिसकर्मी के परिवार को मिला इंसाफ: ट्रेलर की टक्कर से हुई थी मौत, अब मिलेगा 1.1 करोड़ रुपये से अधिक मुआवजा

महाराष्ट्र के ठाणे में ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मी के परिवार को करीब चार साल बाद बड़ी राहत मिली है। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) ने मृतक के परिजनों को 1.1 करोड़ रुपये से अधिक मुआवजा देने का आदेश दिया है। इसके साथ ही मुआवजा राशि पर याचिका दायर करने की तारीख से नौ प्रतिशत सालाना ब्याज भी देना होगा।

मामला 13 नवंबर 2022 का है। पुलिस हेड कांस्टेबल घनश्याम ब्रह्मदेव गायकवाड़ ठाणे के नितिन फ्लाईओवर पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। गायकवाड़ को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। उस समय उनकी उम्र 30 वर्ष थी।

सुनवाई के दौरान बीमा कंपनी ने दावा किया कि गायकवाड़ बिना हेलमेट के लापरवाही से मोटरसाइकिल चला रहे थे और फिसलकर ट्रेलर के सामने आ गए थे। कंपनी ने ट्रेलर चालक के दस्तावेजों को लेकर भी सवाल उठाए थे। हालांकि, अधिकरण ने इन दावों को साबित करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य नहीं पाए।

अधिकरण ने अपने फैसले में कहा कि हादसा ट्रेलर चालक की तेज और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ। रिकॉर्ड में ऐसा कोई प्रमाण नहीं है, जिससे हादसे में मृतक की ओर से किसी तरह की लापरवाही साबित हो। अधिकरण ने यह भी माना कि बीमा कंपनी ट्रेलर चालक के लाइसेंस या वाहन के जरूरी परमिट और फिटनेस दस्तावेजों में कमी साबित नहीं कर सकी।

अधिकरण के सदस्य आर. वी. मोहिते ने ट्रेलर मालिक मेसर्स पूजा कंटेनर्स मूवर्स और बीमा कंपनी को संयुक्त रूप से तथा अलग-अलग एक महीने के भीतर 1.1 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान करने का निर्देश दिया है। फैसले से मृतक पुलिसकर्मी के परिवार को लंबे इंतजार के बाद आर्थिक राहत मिलने का रास्ता साफ हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User