ईरान की धमकी: एआई वीडियो में अमेजन, माइक्रोसॉफ्ट और स्पेसएक्स के मुख्यालयों पर हमले के दृश्य, कंपनियों को दी चेतावनी
ईरान की सरकारी मीडिया ने एक एआई-जनरेटेड वीडियो जारी कर अमेरिका की प्रमुख टेक कंपनियों अमेजन, माइक्रोसॉफ्ट और एलन मस्क की स्पेसएक्स को निशाने पर लेने की चेतावनी दी है। वीडियो में तीनों कंपनियों के मुख्यालयों पर ड्रोन हमलों और धमाकों के काल्पनिक दृश्य दिखाए गए हैं। यह वीडियो ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने गुरुवार को अपने टेलीग्राम चैनल पर साझा किया।
वीडियो में अंग्रेजी में दिए गए संदेश में कहा गया है कि ईरान पर हमलों में शामिल कंपनियों को मुआवजा देना होगा और अपने कदमों पर पछतावा करना होगा, अन्यथा उन्हें इसी तरह की तबाही का सामना करना पड़ सकता है। इसमें अमेरिकी नागरिकों को नुकसान नहीं पहुंचाने की बात कहते हुए कंपनियों को चेतावनी दी गई है।
ईरान का आरोप है कि ये टेक कंपनियां अमेरिकी और इस्राइली सैन्य इकाइयों के साथ गुप्त रूप से सहयोग कर रही हैं और सैन्य अभियानों में मदद पहुंचा रही हैं। मेहर न्यूज की पोस्ट में अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है, जबकि वीडियो में स्पेसएक्स को भी दिखाया गया है।
इस संदेश में ईरान के मिनाब शहर में फरवरी में हुए स्कूल हमले का भी जिक्र किया गया है। ईरानी मीडिया ने इस घटना में मारे गए बच्चों का हवाला देते हुए कंपनियों को कथित सहयोग के लिए जवाबदेह ठहराने की बात कही है।
वीडियो के अंत में अमेरिका को संबोधित करते हुए कहा गया है कि उसके सामने पश्चाताप या तबाही का विकल्प है। हालांकि, वीडियो में दिखाए गए धमाके और हमले एआई से तैयार किए गए काल्पनिक दृश्य हैं। इससे इन कंपनियों के मुख्यालयों पर किसी वास्तविक हमले की पुष्टि नहीं होती।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)