त्रिपुरा निकाय चुनाव: कड़ी सुरक्षा के बीच 16 निकायों की 268 सीटों पर मतदान शुरू, 733 उम्मीदवार मैदान में
त्रिपुरा में शहरी निकाय चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया। अगरतला नगर निगम समेत राज्य के 16 शहरी स्थानीय निकायों की 268 सीटों पर कुल 733 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है। मतदान के लिए आठ जिलों में 704 केंद्र बनाए गए हैं, जहां शाम चार बजे तक वोट डाले जाएंगे।
चुनाव में 5.65 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें करीब 2.88 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए 10 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के लगभग तीन हजार जवान भी शामिल हैं।
राजनीतिक दलों की बात करें तो भाजपा ने सबसे अधिक 266 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। इसके बाद माकपा के 228 और कांग्रेस के 201 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। टिपरा मोथा पार्टी ने नौ और माकपा-कांग्रेस के अलावा अन्य दलों ने भी अपने प्रत्याशी उतारे हैं। भाजपा पहले ही आठ निकायों में 77 सीटों पर निर्विरोध जीत दर्ज कर चुकी है।
अगरतला नगर निगम की 51 सीटों पर भी मुकाबला हो रहा है। मतदान के दौरान शुरुआती चरण में कुछ स्थानों पर ईवीएम से जुड़ी तकनीकी दिक्कतें सामने आईं, जिन्हें मॉक पोल के दौरान मशीनें बदलकर दूर कर दिया गया। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतगणना 2 दिसंबर को होगी। इसके बाद ही स्पष्ट होगा कि शहरी निकायों में किस दल को मतदाताओं का समर्थन मिला है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)