यूपी: सीएम योगी का सपा पर हमला, बोले- नौजवान पूछता है, जब सरकार में थे तब क्या किया था?

Friday, November 27, 2026 - 14:05
0
यूपी: सीएम योगी का सपा पर हमला, बोले- नौजवान पूछता है, जब सरकार में थे तब क्या किया था?

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में 1,594 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश का नौजवान सपा से पूछता है कि जब आप सरकार में थे, तब क्या किया था और अब क्या करोगे?

गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है। अब युवाओं को बिना सिफारिश और लेन-देन के योग्यता के आधार पर नौकरी मिल रही है। उन्होंने पिछली सरकारों की भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उस समय सरकारी नौकरियों में परिवारवाद और भ्रष्टाचार का प्रभाव था।

**1,594 अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र**

कार्यक्रम में कुल 1,594 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें 201 लेखा परीक्षक (ऑडिटर) और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। इन सभी का चयन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के माध्यम से किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती वित्त विभाग के आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय के अंतर्गत होगी।

**भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं से किया सवाल**

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद अभ्यर्थियों से पूछा कि क्या भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी ने उनसे पैसे मांगे या किसी तरह का दबाव बनाया। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र युवाओं की मेहनत और योग्यता का सम्मान हैं। योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार अब तक करीब पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है।

सीएम योगी ने यह भी घोषणा की कि अगले सप्ताह प्रदेश में 8 हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और 2 हजार शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भर्ती प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, विकास और रोजगार के मुद्दों पर भी अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उनके संबोधन का बड़ा हिस्सा पिछली सपा सरकार की नीतियों और भर्ती व्यवस्था की आलोचना पर केंद्रित रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User