कोटद्वार हादसा: पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50 हजार देने की घोषणा की, सीएम धामी ने भी जताया दुख
देहरादून। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, नरेंद्र मोदी ने हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को पीएमएनआरएफ से सहायता राशि दी जाएगी।
**सीएम धामी ने भी की आर्थिक सहायता की घोषणा**
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी जिले के कलवाड़ी क्षेत्र में हुए हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गंभीर रूप से घायल लोगों को उच्च चिकित्सा केंद्रों तक एयरलिफ्ट करने के भी निर्देश दिए गए।
**खाई में गिर गई थी यात्रियों से भरी गाड़ी**
हादसा शनिवार को रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास हुआ था। यात्रियों से भरी गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। वाहन में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं सवार थीं, जो बैंक और समूह से संबंधित काम निपटाकर गांव लौट रही थीं। हादसे में सात महिलाओं और चालक समेत आठ लोगों की मौत हुई, जबकि चार अन्य घायल हुए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)