यूपी: अखिलेश के घोषणा-पत्र पर मायावती का हमला, बोलीं- चुनावी छलावे से सावधान रहें; प्रण-पत्र को बताया हवा-हवाई
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उनके घोषणा-पत्र को कोरा हवा-हवाई बताया है। उन्होंने जनता से सपा के वादों और दावों के नाम पर किए जा रहे कथित चुनावी छलावे से सावधान रहने की अपील की।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि सपा का यह ‘प्रण-पत्र’ उसके पीडीए की तरह ही खोखला है। उन्होंने इसे ‘थोथा चना बाजे घना’ की कहावत से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि सपा का घोषणा-पत्र जनहित के बजाय ‘धन-मन वादी’ सोच को दर्शाता है।
**गरीबों, दलितों और पिछड़ों के हितों को लेकर उठाए सवाल**
बसपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सपा का रवैया गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों, कल्याण, सम्मान और सुरक्षा के अनुकूल नहीं रहा है। उन्होंने पार्टी पर संकीर्ण और जातिवादी नीतियां अपनाने तथा धन्नासेठों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया।
अपने बयान में मायावती ने उत्तर प्रदेश के हालिया राज्यसभा चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने पीडीए को प्राथमिकता देने के बजाय एक बड़े धनवान उम्मीदवार को तरजीह दी। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी नीतियों से प्रदेश में गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी समस्याएं कैसे दूर होंगी।
**आरक्षण और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी घेरा**
मायावती ने सपा पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को लेकर विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रदेश में जातिवादी द्वेष और दंगों से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया और कहा कि जनता इन बातों को नहीं भूलेगी।
बसपा प्रमुख ने ‘हर हाथ को काम’ और ‘कानून द्वारा कानून का राज’ को अपनी पार्टी की नीति और सिद्धांत बताया। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बसपा की चारों सरकारों ने सर्वसमाज और सर्वजन हितैषी एजेंडे पर काम किया था। मायावती ने अंत में सपा की घोषणाओं और वादों को चुनावी छलावा बताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)