ईडी की बड़ी कार्रवाई: कपड़े की खेप बताकर ट्रेन से गुवाहाटी भेजते थे गुटखा-पान मसाला, 1,851 करोड़ रुपये के लेनदेन की जांच
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने असम में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और जर्दा के कथित अवैध कारोबार से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में असम और मेघालय के छह ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच के केंद्र में कारोबारी उदय चौरसिया, उनके परिवार के सदस्य और सहयोगी हैं। आरोप है कि दिल्ली से गुवाहाटी ट्रेन के जरिए भेजी गई गुटखा और पान मसाला की खेप को रेलवे दस्तावेजों में टेक्सटाइल यानी कपड़ा बताया गया था।
ईडी के गुवाहाटी जोनल कार्यालय की टीम ने 26 नवंबर को गुवाहाटी, कामरूप जिले के पलासबाड़ी और मेघालय की राजधानी शिलांग में तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स में दर्ज एफआईआर के आधार पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई।
**2023 में पकड़ी गई थी 341 पैकेट की खेप**
मामले की शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी, जब कामरूप जिले के अजारा रेलवे स्टेशन पर दो रेलवे वैगनों से 341 पैकेट जब्त किए गए थे। आरोप है कि इन पैकेटों में गुटखा, पान मसाला और जर्दा था, जबकि परिवहन से जुड़े दस्तावेजों में सामान को कपड़ा बताया गया था। जांच में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और लंबे समय से गलत घोषणा के जरिए माल भेजे जाने की बात सामने आई।
**1,851 करोड़ रुपये के नकद लेनदेन का आरोप**
ईडी की जांच के मुताबिक, वित्त वर्ष 2014-15 से 2025-26 के बीच उदय चौरसिया के परिवार के सदस्यों और उनसे जुड़ी फर्मों के बैंक खातों में करीब 1,851 करोड़ रुपये नकद जमा किए गए। एजेंसी का आरोप है कि कारोबार का बड़ा हिस्सा नकद में संचालित होता था और लगभग 15 से 20 प्रतिशत खरीदारी बिना बिल के की जाती थी। इन भुगतानों को कथित तौर पर हिसाब-किताब में दर्ज नहीं किया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि मई 2024 में पलासबाड़ी में नाममात्र के साझेदारों के नाम पर पान मसाला और जर्दा बनाने की दो इकाइयां स्थापित की गईं। इन इकाइयों को दो साल के भीतर उदय चौरसिया से जुड़ी फर्मों से करीब 977 करोड़ रुपये मिले। ईडी के अनुसार, जर्दा और तंबाकू बनाने वाली एक इकाई बिना एफएसएसएआई लाइसेंस के संचालित हो रही थी।
**छापेमारी में 42 लाख रुपये नकद जब्त**
तलाशी के दौरान ईडी ने करीब 42 लाख रुपये की अघोषित नकदी, वित्तीय और स्टॉक रिकॉर्ड, समझौते, मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और कई पक्षों के हस्ताक्षर वाले खाली चेक जब्त किए हैं। एजेंसी को एक हस्तलिखित नोटबुक भी मिली है, जिसके कई पन्ने फटे हुए थे। फिलहाल ईडी कथित अवैध कारोबार, नकद लेनदेन और उससे जुड़ी संपत्तियों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)